कर्नाटक में कैश वैन से 83 लाख की लूट और हत्याकांड का बिहार कनेक्शन, वैशाली से दो युवक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

गिरफ्तारी की सांकेतिक तस्वीर

कर्नाटक के बीदर में 83 लाख की कैश वैन लूट और हत्या मामले में वैशाली के दो कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानें पूरी खबर।

विज्ञापन

Bidar Cash Van Robbery Case : कर्नाटक के बीदर जिले में शिवाजी चौक के पास एसबीआई बैंक के सामने कैश वैन लूट के दौरान दो बैंककर्मियों को गोली मारने के मामले में वैशाली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. कर्नाटक पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर सराय थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव से दोनों को पकड़ा. पुलिस के अनुसार, इस मामले में 83 लाख रुपये की लूट हुई थी.

वैशाली के दामोदरपुर से पकड़े गए दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सराय थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी आलोक कुमार उर्फ अंबानी उर्फ मुनचुन उर्फ छोटू उर्फ आशुतोष और अमन कुमार के रूप में हुई है. कर्नाटक पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई. पुलिस की कार्रवाई के बाद इस अंतरराज्यीय लूटकांड में आगे की जांच तेज होने की संभावना है.

16 जनवरी 2025 को दिनदहाड़े हुई थी वारदात

बताया गया कि 16 जनवरी 2025 को सुबह करीब 10:30 बजे बीदर शहर के शिवाजी चौक स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा से विभिन्न एटीएम में जमा करने के लिए नकद राशि कैश वैन में ले जाई जा रही थी. इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने कैश वैन को निशाना बनाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया.

विरोध करने पर बैंककर्मियों पर बरसाईं गोलियां

लूट के दौरान बदमाशों ने कैश वैन में मौजूद कर्मचारियों के चेहरे पर लाल मिर्च पाउडर फेंका. इसके बाद विरोध करने पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई. गोली लगने से बैंककर्मी गिरिवेंकटेश की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं, दूसरे कर्मचारी शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

83 लाख रुपये लेकर फरार हुए थे बदमाश

वारदात के बाद बदमाश कैश वैन में रखे करीब 83 लाख रुपये लेकर फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए बीदर के पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुंटी के निर्देश पर पांच विशेष टीमों का गठन किया गया था. पुलिस ने लूटकांड से जुड़े आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी जांच समेत विभिन्न स्तरों पर पड़ताल शुरू की.

सात दिनों से वैशाली में चल रही थी छापेमारी

बताया गया कि कर्नाटक पुलिस की करीब 24 पुलिस पदाधिकारियों की टीम पिछले सात दिनों से वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी कर रही थी. पुलिस को दामोदरपुर गांव में आरोपियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी.

बाइक से भागने लगे आरोपी तो पुलिस ने पीछा कर दबोचा

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आलोक कुमार उर्फ अंबानी और अमन कुमार को जैसे ही पुलिस टीम की मौजूदगी का पता चला, दोनों बाइक से भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर अपनी कार से बाइक में टक्कर मारकर उन्हें रोक दिया. इसके बाद चारों तरफ से घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया.

पुलिस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में कुछ देर रहा भ्रम

कार्रवाई के दौरान स्थानीय स्तर पर गलतफहमी के कारण कुछ देर के लिए ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया. इसके बाद बीदर पुलिस ने स्थिति को संभाला और ग्रामीणों को कार्रवाई की जानकारी दी. स्थिति सामान्य होने के बाद दोनों आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया गया.

चार राज्यों में 16 मामलों में वांछित होने का दावा

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, बिहार और कर्नाटक में कुल 16 आपराधिक मामलों में वांछित होने की बात सामने आई है. कर्नाटक पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर बीदर कैश वैन लूटकांड में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

आगे की जांच में खुल सकते हैं कई राज

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब लूट की रकम, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर सकती है. हालांकि, गिरफ्तारी के बाद बरामदगी और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

Also Read : हाजीपुर : दस दिन पहले भी बर्बाद हुई थी फसल, अब दोबारा काट दी लौकी-करेला समेत सब्जियां, किसान ने दिया आवेदन



विज्ञापन
अभिषेक कुमार

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन