सबका सम्मान-जीवन आसान' जनता दरबार में 222 आवेदनों की सुनवाई, डीएम ने सात दिन में कार्रवाई के दिए निर्देश

जनता दरबार में फरियाद सुनते डीएम | Prabhat Khabar Network
सात निश्चय-3 के तहत आयोजित जनता दरबार में 222 आवेदनों पर सुनवाई हुई. जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सात दिनों के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
Hajipur News : हाजीपुर में सात निश्चय-3 के अंतर्गत सोमवार को "सबका सम्मान-जीवन आसान" कार्यक्रम के तहत जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना एवं पंचायत स्तर पर जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला, अनुमंडल, प्रखंड और थाना स्तर पर कुल 222 आवेदनों की सुनवाई कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई.
डीएम ने सुनीं 60 लोगों की समस्याएं
समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में जिला पदाधिकारी ने स्वयं लोगों की शिकायतें सुनीं. इस दौरान कुल 60 परिवाद प्राप्त हुए. विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं.
कई विभागों से जुड़े मामले पहुंचे
जनता दरबार में राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस, अवर निबंधक, आवास, विद्युत, जिला आपूर्ति, आईसीडीएस, आर्म्स, स्वास्थ्य, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं.
सात दिनों में कार्रवाई का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी परिवादों पर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा.
समयबद्ध समाधान पर दिया जोर
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और गंभीरता बरतें, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
ये अधिकारी रहे उपस्थित
जनता दरबार में सहायक समाहर्ता (प्रशिक्षु) अंकुर त्रिपाठी, अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, जिला सहकारिता पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) एवं जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










