हाजीपुर : नीट पेपर लीक प्रदर्शन मामले में 6 नामजद और 100 अज्ञात पर केस दर्ज, एक गिरफ्तार

लालगंज थाना हाजीपुर फाइल फोटो.
Hajipur NEET protest FIR : वैशाली जिले में NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है. छह नामजद और लगभग सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
Hajipur NEET protest FIR : वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में बीते शनिवार को नीट (NEET) पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ था. इस मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए छात्रों को उकसाने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने के आरोप में छह नामजद और लगभग सौ अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है.
महाराणा प्रताप चौक से तिनपुलवा चौक तक हुआ था प्रदर्शन
लालगंज थानाध्यक्ष मनमोहन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को महाराणा प्रताप चौक से लेकर तिनपुलवा चौक तक छात्रों द्वारा नीट पेपर लीक के विरोध में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जा रहा था. इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा स्थिति का फायदा उठाते हुए छात्रों को उकसाने और हंगामा करने का प्रयास किया गया.
इन लोगों पर दर्ज की गई है प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में लालगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी पप्पू यादव, जहानाबाद निवासी पवन देव यादव, सुदामा पासवान, धीरज कुमार, मनोज कुमार और मो. जाहिद समेत छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. इसके अलावा लगभग सौ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
एक नामजद आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
कार्रवाई करते हुए लालगंज पुलिस ने नामजद आरोपित धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि शेष बचे सभी नामजद और अज्ञात आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : छपरा में बीडीओ पर हमले के खिलाफ हाजीपुर में आक्रोश, काला बिल्ला लगाकर काम कर रहे अधिकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










