श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम ने किया निरीक्षण, सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के दिए निर्देश

Author Ramesh kumar|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन
श्रावणी मेला का निरीक्षण करते डीएम  एसपी | Prabhat Khabar Network

श्रावणी मेला का निरीक्षण करते डीएम एसपी | Prabhat Khabar Network

आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने डीएम ने स्थल का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

Jehanabad News : मखदुमपुर 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने बराबर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम एवं मेला क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया.

स्वच्छता अभियान मिशन मोड में चलाने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर पंचायत मखदुमपुर के कार्यपालक पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को मेला क्षेत्र और संपर्क मार्गों पर मिशन मोड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके.

पंडाल, पेयजल, शौचालय और रोशनी की व्यवस्था जल्द पूरी करने के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि पंडाल, श्रद्धालुओं के विश्राम स्थल, पेयजल, शौचालय और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक कार्य हर हाल में निर्धारित समय के भीतर पूरे किए जाएं. साथ ही भवन निर्माण विभाग और जिला योजना पदाधिकारी को निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

ड्रॉप गेट, हैलोजन लाइट और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए ड्रॉप गेट का निर्माण शीघ्र पूरा करने, रात्रिकालीन सुविधा के लिए हैलोजन लाइटों की संख्या बढ़ाने तथा पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. वहीं अंचलाधिकारी को अस्थायी अतिक्रमण तत्काल हटाने को कहा गया.

संवेदनशील स्थलों पर तैनात रहेंगे पुलिस और होमगार्ड

डीएम ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के संपर्क मार्गों एवं विद्युत उपकरणों वाले संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और होमगार्ड के जवानों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्युत पोल, केबल, हैलोजन लाइट एवं अन्य उपकरण सुरक्षित रह सकें.

रेलिंग और डस्टबिन की व्यवस्था पर भी जोर

वानिकी क्षेत्र पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि मेला क्षेत्र में लगाई जा रही रेलिंग एक समान हो तथा पूरे परिसर और श्रद्धालुओं के मार्गों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी बनी रहे.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Ramesh Kumar

लेखक के बारे में

By Ramesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन