हाजीपुर में गंडक नदी में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत, सीआरपीएफ जवान को अंतिम विदाई देने पहुंचा था अमन

SDRF कि टीम शव गंडक नदी में शव खोजते हुए
हाजीपुर में सीआरपीएफ जवान के दाह संस्कार में शामिल होने आए 20 वर्षीय युवक की गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ ने शव को बरामद कर लिया है।
हाजीपुर: राजापाकर थाना क्षेत्र के फरीदपुर निवासी सीआरपीएफ जवान पिंटू कुमार के निधन के बाद उनके दाह संस्कार में शामिल होने पहुंचे एक 20 वर्षीय युवक की गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई. हादसा स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण हुआ. घटना के बाद मृतक के पैतृक गांव समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र के बखरी सुपाइन गांव निवासी फकीरा राय के 20 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है. अमन चार भाइयों में सबसे बड़ा था. वह कपड़े की दुकान में काम कर परिवार की आर्थिक मदद करता था.
सीआरपीएफ जवान को दी अंतिम विदाई, फिर गंडक में डूबा अमन
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, फरीदपुर निवासी सीआरपीएफ जवान पिंटू कुमार का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव लाया गया था. उनके सम्मान में अंतिम यात्रा निकाली गई. अमन कुमार भी गांव के जवान को अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोगों के साथ कौनहारा घाट पहुंचा था.
दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अमन अन्य लोगों के साथ गंडक नदी में स्नान करने के लिए उतरा. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया. नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह संभल नहीं सका और देखते ही देखते पानी में डूब गया.
युवक को डूबता देख मचा कोहराम, बचाने का प्रयास रहा विफल
अमन को नदी में डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया. आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया. हालांकि, नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव अधिक होने के कारण स्थानीय लोग अमन को बचाने में सफल नहीं हो सके.
कुछ ही देर में अमन पानी में ओझल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई. परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग रोते-बिलखते कौनहारा घाट पहुंचे.
एसडीआरएफ ने घंटों चलाया सर्च अभियान, बरामद हुआ शव
घटना की सूचना नगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को दी गई. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम कौनहारा घाट पहुंची और गंडक नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
एसडीआरएफ के गोताखोरों ने नदी के गहरे पानी में घंटों तलाश की. कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अमन के शव को नदी से बाहर निकाला. शव बरामद होने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने के एसआई राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.
अमन की मौत से परिवार में मचा कोहराम
अमन कुमार की अचानक मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है. मां-बाप और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है. अमन चार भाइयों में सबसे बड़ा था और कपड़े की दुकान में काम कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग करता था.
एक ओर जहां परिवार और गांव सीआरपीएफ जवान पिंटू कुमार को अंतिम विदाई देने के गम में था, वहीं दूसरी ओर अमन की गंडक नदी में डूबने से हुई मौत ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डाल दिया. स्थानीय लोगों ने नदी में स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिषेक कुमार
अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










