लैंप लाइटिंग समारोह में 39 प्रशिक्षु नर्सों ने ली सेवा, समर्पण और करुणा की शपथ
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 06 Jun 2026 9:14 AM
कैंडल जलाकर सेवा का संकल्प लेती छात्राएं एवं अन्य.
Hajipur News : नर्सिंग सेवा के प्रथम मार्गदर्शन के साथ-साथ इस महान पेशे के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता का प्रतीक है.
Hajipur News : (गोपाल कुमार राय की रिपोर्ट) सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम प्रशिक्षण स्कूल में शनिवार को कैपिंग एंड लैंप लाइटिंग समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर 2025-27 बैच की 39 प्रशिक्षु नर्सों को निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करने की शपथ दिलाई गई.
समारोह का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. श्यामनंदन प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश शरण, बीएनआरसी पटना की रजिस्ट्रार माया वर्मा, एएनएम स्कूल की प्राचार्य डॉ. गीतांजलि कुमारी, ट्यूटर बेबी कुमारी तथा जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम डॉ. कुमार मनोज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
मरीजों की निस्वार्थ भाव से सेवा करने का संकल्प लिया
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कैपिंग एंड लैंप लाइटिंग समारोह नर्सिंग छात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव होता है. यह नर्सिंग सेवा के प्रथम मार्गदर्शन के साथ-साथ इस महान पेशे के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता का प्रतीक है. छात्राओं के लिए यह उनके प्रथम शैक्षणिक वर्ष में प्रवेश और सेवा भावना से जुड़े दायित्वों को स्वीकार करने का अवसर भी है.
प्राचार्य डॉ. गीतांजलि कुमारी एवं विद्यालय की ट्यूटरों ने प्रशिक्षु नर्सों को कैंडल प्रदान कर सेवा, ईमानदारी और करुणा का संदेश दिया. इसके बाद सभी छात्राओं ने मरीजों की निस्वार्थ भाव से सेवा करने का संकल्प लिया.
र्यक्रमों की प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया
समारोह में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम में एएनएम ट्रेनिंग स्कूल की ट्यूटर मुन्नी कुमारी, ममता कुमारी, अनुपम भारती, लिपिक ब्रजेश कुमार, कंप्यूटर ट्रेनर राणा उज्ज्वल कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
वक्ताओं ने बताया कि यह समारोह नर्सिंग सेवा की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है. कैंडल की लौ करुणा, निस्वार्थ सेवा और मरीजों के जीवन में आशा की किरण जगाने का प्रतीक मानी जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










