सुपौल में बच्चों के सामने महिला की हत्या, देर रात घर में घुसकर वारदात से दहला गांव

परिवार के सदस्य
Supaul Crime News: आधी रात का सन्नाटा, घर में सो रहे बच्चे और अचानक चीख-पुकार. सुपौल के एक गांव में हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. बच्चों के सामने उनकी मां पर जानलेवा हमला किया गया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई.
छातापुर (सुपौल) से संजय कुमार पप्पू की रिपोर्ट
Supaul Crime News: सुपौल जिले के एक थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर वार्ड संख्या 12 में शुक्रवार देर रात एक 32 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान शहानी खातून के रूप में हुई है, जो स्थानीय विद्यालय में रसोइया के पद पर कार्यरत थीं. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
देर रात हुई वारदात से सहमा पूरा इलाका
परिजनों के अनुसार घटना उस समय हुई जब महिला अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी. देर रात एक व्यक्ति घर के भीतर पहुंचा और कथित रूप से महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई. बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी.
बच्चों ने बताई खौफनाक रात की कहानी
परिवार के सदस्यों के अनुसार बच्चे भी घटना के समय घर में मौजूद थे. उनका कहना है कि हमलावर ने पहले मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचाया और फिर महिला पर हमला किया.
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल महिला को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
लेन-देन विवाद की आशंका पर जांच
परिजनों ने आशंका जताई है कि घटना के पीछे आर्थिक लेन-देन का विवाद हो सकता है. उनका दावा है कि इस संबंध में पहले भी पंचायत स्तर पर बातचीत हुई थी.
हालांकि पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
पुलिस जुटी सच्चाई तक पहुंचने में
घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस जघन्य घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










