Hajipur News : राघोपुर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग से जले 10 घर

Published by : SHAH ABID HUSSAIN Updated At : 25 Mar 2025 5:33 PM

विज्ञापन

जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की पहाड़पुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर एक में सोमवार की रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गयी. अगलगी की इस घटना में 10 घर जलकर खाक हो गये. इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गयी, जबकि दो बकरियां भी झुलसकर मर गयी.

विज्ञापन

राघोपुर. जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की पहाड़पुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड नंबर एक में सोमवार की रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गयी. अगलगी की इस घटना में 10 घर जलकर खाक हो गये. इस घटना में करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गयी, जबकि दो बकरियां भी झुलसकर मर गयीं. अगलगी की सूचना मिलते ही राघोपुर और जुड़ावनपुर थाने से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 10 घर समेत घर के अंदर रखा सारा सामान जल चुका था. जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात तीलधारी दास के घर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गयी. देखते-ही-देखते आग की लपटें काफी तेज हो गयीं और तेजी से फैलकर आसपास के 10 घरों तक पहुंच गयी. घरवालों के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये और मोटर पंप व चापाकल की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटों को तेजी से फैलता देख, इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को देनी पड़ी. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया.

कर्ज लेकर रखे रुपये भी जल गये

अगलगी की इस घटना में तीलधारी दास, हरिंद्र दास, शंकर दास, बलिंदर दास, स्व मदन दास की पत्नी शांति देवी, लक्ष्मण दास, डोमन दास समेत 10 परिवारों के घर जलकर राख हो गये. साथ ही आग में चौकी, बर्तन, कपड़े, अनाज, नगद रुपये और जरूरी कागजात भी नष्ट हो गये. तीलधारी दास ने अपनी बेटी की शादी के लिए 90 हजार रुपये कर्ज लेकर रखे थे, जो जल गये, जबकि बलिंदर दास के भी 60 हजार रुपये जलकर राख हो गये.

अग्निपीड़ित खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर

इस घटना से अग्निपीड़ित परिवार सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है. उनके पास अब रहने के लिए घर भी नहीं बचा. घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को ढांढस बंधाया. वार्ड सदस्य प्रियंका देवी ने राघोपुर के अंचल अधिकारी से अग्निपीड़ित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHAH ABID HUSSAIN

लेखक के बारे में

By SHAH ABID HUSSAIN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन