ePaper

पहलगाम आतंकी हमले पर पहली बार बोले राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, भारत मां की सुरक्षा के लिए किसी भी हद तक जायेंगे

Updated at : 25 Apr 2025 8:40 PM (IST)
विज्ञापन
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सफेद साफे में

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सफेद साफे में

पहलगाम आतंकी हमला: भागलपुर के टीएमबीयू में शुक्रवार को 48वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि पीएम आतंकवाद के खिलाफ जो कार्रवाई करेंगे, देश की सुरक्षा के लिए भागलपुर सहित राज्य की जनता आपके साथ है.

विज्ञापन

पहलगाम आतंकी हमला: टीएमबीयू में शुक्रवार को 48वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि जब हमारी मातृभूमि, भारत मां की सुरक्षा की बात आयेगी, तो किसी भी हद तक जायेंगे. भारत अहिंसा व शांति में विश्वास करता है, लेकिन अहिंसा का मतलब यह नहीं कि हम आतंक के सामने सिर झुका दें. इसके लिए हम सभी को तैयार रहना चाहिए. 

पहलगाम में हुए हमले ने मानवता को शर्मसार किया : खान 

उन्होंने आगे कहा कि कश्मीर के पहलगाम में 28 मासूम लोगों की नृशंस हत्या की गयी, जो दिल दहलाने वाली है. इस तरह की घिनौनी हरकत कर मानवता को शर्मसार किया है. घटना से हम सब की संवेदना जागृत हुई है. यह कृत्य वर्षों नहीं दशकों से जारी है. जिन लोगों की समझ में यह बात आ गयी कि 1971 के बाद भारत को पारंपरिक फौजी तरीके से तोड़ा व कमजाेर नहीं किया जा सकता है, ऐसे लोग गैर पारंपरिक तरीके से भारत पर हमले कर रहे हैं. दीक्षांत समारोह का आयोजन टीएनबी कॉलेज स्टेडियम में किया गया था.

कुछ देशों ने आतंकवाद को स्टेट पॉलिसी बना लिया: राज्यपाल

कुलाधिपति ने कहा कि कुछ देशों ने आतंकवाद को स्टेट पॉलिसी बना लिया है, ताकि भारत को कमजोर कर सके. देश बहुत नाजुक वक्त से गुजर रहा है. एक दिन पहले बिहार आये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना को लेकर स्पष्ट शब्दों में घोषणा की कि जिन्होंने मानवता की खिलाफ जघन्य अपराध किया है, उन्हें बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जहां भी पनाह लेंगे, उन्हें ढूंढ कर निकाला जायेगा. उनको सजा दी जायेगी.

अपनी बात रखने की क्षमता होनी चाहिए

कहा कि हमारे पास सॉफ्ट पॉवर होनी चाहिए. हमारे पास ज्ञान व विवेक की शक्ति होनी चाहिए. हमारे अंदर अपनी बात रखने की क्षमता होनी चाहिए. हमें समस्याओं का समाधान सॉफ्ट पॉवर, ज्ञान और संवाद के जरिये करनी चाहिए. लेकिन वर्तमान में कुछ ऐसे लोगों हैं, जिन्हें समझ में नहीं आ रहा है. आतंक को राज्य की नीति बनाने वाले संवाद की शक्ति स्वीकार नहीं करते हैं, तो शक्ति का संवाद करने की भी क्षमता हमारे अंदर होनी चाहिए. शक्ति भी हमारे पास होनी है. जिससे हम अपनी रक्षा कर सकें. भारत की प्राचीन संस्कृति है, उसी आधार पर जीवन जीते हैं. जो लोग हमें तोड़ना व कमजोर करना चाहते हैं, वह केवल भौतिक तौर पर हमारे आत्मबल को तोड़ना चाहते हैं. हमारी जीवनशैली को खराब करना चाहते हैं. 

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

आतंकवाद के खिलाफ खड़ी है बिहार की जनता

उन्होंने आगे कहा कि आप सभी की ओर से इस घड़ी में सरकार व पीएम को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपके पीछे सभी खड़े हैं. आतंकवाद के खिलाफ जो कार्रवाई करेंगे, देश की सुरक्षा के लिए भागलपुर सहित राज्य की जनता आपके साथ है. हर भारत का नागरिक इस घड़ी में फौजी है. प्रधानमंत्री जो कार्रवाई करेंगे, उस कार्रवाई में सभी खड़े हैं.

इसे भी पढ़ें: पटना: सत्यदेव हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने दूरबीन से किडनी निकाल कर बचाई मरीज की जान, आयुष्मान योजना से हुआ मुफ्त इलाज

विज्ञापन
Prashant Tiwari

लेखक के बारे में

By Prashant Tiwari

प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन