गोपालगंज में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा किशोर, एनडीआरएफ ने बरामद किया शव

उचकागांव के हरपुर गांव में दाहा नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। NDRF की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला, परिजनों में मचा कोहराम।
Gopalganj News: उचकागांव थाना क्षेत्र के हरपुर गांव के समीप दाहा नदी में बुधवार की शाम नहाने के दौरान डूबे 14 वर्षीय किशोर का शव गुरुवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला. शव बरामद होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.
दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जल्लादी टोला निवासी बाबुजान सिद्दीकी का 14 वर्षीय पुत्र दानिश सिद्दीकी बुधवार की शाम गांव के ही कुछ दोस्तों के साथ दाहा नदी में नहाने गया था. नहाने के बाद उसके साथ गये चार अन्य लड़के अपने-अपने घर लौट गये, लेकिन दानिश घर नहीं पहुंचा.
देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो शुरू हुई खोजबीन
देर शाम तक दानिश के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. काफी प्रयास के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने उसके साथ गये दोस्तों से पूछताछ की. इस दौरान दोस्तों ने बताया कि नहाने के दौरान दानिश नदी के गहरे पानी में डूब गया था.
रात में अंधेरे के कारण नहीं मिल सका शव
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही उचकागांव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालांकि, रात होने और अंधेरा छा जाने के कारण नदी में खोजबीन कर शव निकालना संभव नहीं हो सका.
एनडीआरएफ की टीम ने सुबह शुरू किया अभियान
गुरुवार की सुबह एनडीआरएफ की विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में खोजबीन अभियान शुरू किया. टीम ने काफी प्रयास के बाद दानिश के शव को नदी से बाहर निकाल लिया. पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया.
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
दानिश का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां रूही फातिमा, बड़े भाई धनु सिद्दीकी और बहनों रुखसार व सानिया का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के अनुसार, मृतक के पिता वर्तमान में विदेश में हैं. किशोर की मौत की खबर से गांव में भी मातम पसरा हुआ है.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











