गोपालगंज में बाइक के सामने बंदर आने से शिक्षिका की मौत, सड़क हादसे में गई दीपिका सिंह की जान

मृत शिक्षिका का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में एक शिक्षिका की सड़क हादसे में दुखद मौत हो गई. यह घटना तब हुई जब वह अपने पति के साथ बाइक से स्कूल जा रही थीं और अचानक एक बंदर उनकी बाइक के सामने आ गया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
Gopalganj News: भोरे थाना क्षेत्र के काली मोड़ के पास बुधवार सुबह करीब नौ बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षिका दीपिका सिंह की मौत हो गई.
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए देवरिया स्थित सावित्री अस्पताल ले जाया गया था, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं शिक्षा जगत और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
विजयीपुर के रानीपुर मध्य विद्यालय में थीं शिक्षिका
मृतका दीपिका सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरी चौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसगांव की रहने वाली थीं.
वह भोरे प्रखंड के काली मोड़ के पास किराए के मकान में अपने पति और बेटे के साथ रहती थीं. वह विजयीपुर प्रखंड स्थित रानीपुर मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं.
बाइक के सामने अचानक आ गया बंदर
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सोमवार की सुबह दीपिका सिंह अपने पति के साथ बाइक से विद्यालय जा रही थीं.
इसी दौरान करीब नौ बजे उनकी बाइक काली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के समीप पहुंची. तभी अचानक एक बंदर उछलकर बाइक के सामने आ गया और बाइक से टकरा गया.
बंदर के टकराने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और शिक्षिका सड़क पर गिर पड़ीं.
सिर में गंभीर चोट बनी मौत का कारण
हादसे में दीपिका सिंह के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और उनके पति की मदद से उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
इसके बाद उन्हें देवरिया स्थित सावित्री अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
परिजनों में मचा कोहराम
शिक्षिका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं विद्यालय के शिक्षक और स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










