गोपालगंज में 177 लीटर देसी शराब के साथ छह तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

उत्पाद थाने में गिरफ्तार देसी शराब के साथ तस्कर . | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज में शराबबंदी कानून की सख्ती के बीच उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जिले में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 177 लीटर देसी शराब के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से एक बाइक भी जब्त की गई है.
गोपालगंज: जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने को लेकर उत्पाद विभाग की टीम लगातार अभियान चला रही है. इसी क्रम में उत्पाद विभाग ने तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 177 लीटर देसी शराब के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान एक बाइक भी जब्त की गई है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को मध्य निषेध अधिनियम के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
सलेहपुर मटिहानिया से दो तस्कर गिरफ्तार
उत्पाद विभाग की पहली कार्रवाई विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर मटिहानिया गांव के समीप की गई. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में टीम ने 36 लीटर देसी शराब बरामद की और मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के खैरटवा गांव निवासी मोहन यादव और प्रभु यादव के रूप में हुई है.
धर्मपुर नहर फाटक के पास मिली 105 लीटर शराब
दूसरी कार्रवाई गोपालपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर नहर फाटक के पास की गई. यहां उत्पाद विभाग की टीम ने 105 लीटर देसी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों में गोपालपुर गांव निवासी रोहित कुमार राय और बनकटा गांव निवासी राजकिशोर प्रसाद के पुत्र मनीष प्रसाद शामिल हैं.
राजापुर पुल के पास बाइक समेत दो तस्कर पकड़े गए
तीसरी कार्रवाई गोपालपुर थाना क्षेत्र के राजापुर पुल के पास की गई. यहां से टीम ने 36 लीटर देसी शराब के साथ दो तस्करों को एक बाइक समेत गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के नेवरी वार्ड नंबर-4 निवासी गुलाब यादव और नगर थाना क्षेत्र के हरिवंश गांव निवासी दीपक कुमार यादव के रूप में हुई है.
शराब तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जिले में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










