गोपालगंज वायरल वीडियो केस: अनंत सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, कल मीरगंज थाने में हथियारों का होगा 'टेस्ट'
Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 14 May 2026 6:42 PM
विधायक अनंत सिंह
Gopalganj News : हथियार लहराने के वायरल वीडियो मामले में घिरे जदयू विधायक अनंत सिंह को गोपालगंज पुलिस ने नोटिस जारी कर 15 मई को मीरगंज थाने बुलाया है. पुलिस विधायक के हथियारों की फोरेंसिक जांच कराएगी ताकि यह पता चल सके कि वीडियो में दिख रहे हथियार वैध थे या नहीं. कल कोर्ट में भी इस मामले की सुनवाई होनी है, जिससे विधायक की धड़कनें बढ़ी हुई हैं.
Gopalganj News (मनीष राज):हथियारों के प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो मामले में मोकामा के बाहुबली जदयू विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. गोपालगंज पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक को नोटिस जारी किया है. नोटिस के मुताबिक, अनंत सिंह को कल यानी 15 मई को मीरगंज थाने में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने हथियारों का वरीफिकटीऑन कराना होगा.
फोरेंसिक और बैलिस्टिक जांच से खुलेगा राज
पुलिस यह स्पष्ट करना चाहती है कि वीडियो में दिख रहे हथियार वैध (लाइसेंसी) थे या अवैध. इसके लिए हथियारों की फोरेंसिक और बैलिस्टिक जांच कराई जाएगी. पुलिस कप्तान विनय तिवारी के निर्देश पर मीरगंज पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की है. पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु यह है कि यदि हथियार लाइसेंसी थे भी, तो क्या उनका सार्वजनिक प्रदर्शन नियमों के उल्लंघन के दायरे में आता है?
सेमराव गांव के जनेऊ कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद
पूरा मामला 2-3 मई का है, जब मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में कुख्यात गुड्डू राय के घर आयोजित एक जनेऊ कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह शामिल हुए थे. इसी कार्यक्रम के दौरान हथियार लहराने और फायरिंग के कथित प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
विधायक का दावा: ‘सभी हथियार लाइसेंसी’
एक तरफ जहां पुलिस जांच में जुटी है, वहीं विधायक अनंत सिंह की ओर से दावा किया गया है कि कार्यक्रम में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अन्य लोगों के पास जो भी हथियार थे, वे सभी वैध और लाइसेंस वाले थे. हालांकि, पुलिस इस दावे को वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्वीकार करेगी.
15 मई की तारीख है बेहद अहम
कल का दिन इस मामले में टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है क्योंकि दो स्तरों पर कार्रवाई होनी है. पहली ये कि विधायक अनंत सिंह को थाने में अपने हथियार पेश करने हैं. दूसरी ये कि इस मामले में कोर्ट ने पहले ही केस डायरी तलब कर रखी है और अगली सुनवाई के लिए 15 मई की ही तारीख मुकर्रर की है.
Also Read:पटना-वैशाली बिदुपुर सिक्सलेन की चप्पे-चप्पे पर होगी कैमरों की नज़र, दोनों ओर बनेंगे चेकपोस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










