OFSS के माध्यम से इंटर में एडमिशन के लिए एक जून तक करें ऑनलाइन आवेदन

Updated:
विज्ञापन
Gopalganj News

Gopalganj News: तीनों संकाय में नामांकन के लिए कर सकते हैं आवेदन, 10 से अधिक स्कूलों का मिलेगा विकल्प, बोर्ड ने अंतिम बार बढ़ाई आवेदन की तिथि, छात्रों को मिला एक और मौका

विज्ञापन

Gopalganj News: (विकास दुबे)
मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा पास छात्र-छात्राओं के लिए इंटरमीडिएट सत्र 2026-28 में नामांकन का इंतजार अब आसान हो गया है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसइबी) ने 11वीं कक्षा में ऑनलाइन नामांकन के लिए आवेदन की तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है.

जिले के 264 सरकारी एवं गैर सरकारी इंटर कॉलेजों, प्लस-टू स्कूलों तथा मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में एडमिशन के इच्छुक छात्र-छात्राएं अब 1 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया ओएफएसएस (ऑनलाइन फैसिलिटेशन सिस्टम फॉर स्टूडेंट्स) के माध्यम से पूरी की जाएगी.

विशेष एवं कंपार्टमेंटल परीक्षा पास छात्रों को भी मौका

बिहार बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस बार माध्यमिक विशेष एवं कंपार्टमेंटल परीक्षा 2026 में सफल हुए विद्यार्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है. इसके अलावा बिहार बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्ड से मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं भी आवेदन कर सकते हैं.

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम अवसर है और इसके बाद आवेदन की तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी.

कई बार बढ़ चुकी है आवेदन की तिथि

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने पहली बार 8 अप्रैल से 18 अप्रैल तक आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी. बाद में छात्रों की सुविधा को देखते हुए इसे 25 अप्रैल तक बढ़ाया गया. इसके बाद 14 मई से 18 मई तक फिर मौका दिया गया था. अब अंतिम रूप से 29 मई से 1 जून तक आवेदन करने का समय तय किया गया है.

बोर्ड अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में छात्र किसी कारणवश आवेदन नहीं कर सके थे. कुछ छात्रों का रिजल्ट देर से आया, जबकि कई विद्यार्थी जानकारी के अभाव और तकनीकी दिक्कतों के कारण आवेदन से वंचित रह गए थे.

ओएफएसएस पोर्टल पर भरना होगा आवेदन

इंटर में नामांकन के लिए विद्यार्थियों को ओएफएसएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म (सीएएफ) भरना होगा. आवेदन के दौरान छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और संकाय का चयन कर सकते हैं. एक ही आवेदन के माध्यम से 10 से अधिक कॉलेजों का विकल्प चुना जा सकता है.

इसके बाद बिहार बोर्ड मेरिट लिस्ट जारी करेगा और उसी के आधार पर आवंटित कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी.

जिले में बढ़ी हलचल, साइबर कैफे पर उमड़ी भीड़

गोपालगंज जिले के इंटर कॉलेजों और प्लस-टू विद्यालयों में नामांकन को लेकर हलचल तेज हो गई है. स्कूलों में छात्र-छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है. वहीं जिले के साइबर कैफे और ऑनलाइन सेंटरों पर भी विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ने लगी है. ग्रामीण क्षेत्रों से भी छात्र आवेदन कराने के लिए शहर पहुंच रहे हैं.

मोबाइल एप से भी मिलेगी जानकारी

छात्रों की सुविधा के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने “ओएफएसएस बिहार इंफो” नाम से मोबाइल एप भी उपलब्ध कराया है. यह एप गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड किया जा सकता है. एंड्रॉयड मोबाइल इस्तेमाल करने वाले विद्यार्थी इस एप के जरिए आवेदन की स्थिति, मेरिट लिस्ट, कॉलेज चयन तथा नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.

आवेदन भरते समय बरतें सावधानी

शिक्षा विभाग से जुड़े जानकारों ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन भरते समय नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, स्कूल कोड तथा अंक से संबंधित जानकारी सावधानीपूर्वक भरें. गलत जानकारी देने पर मेरिट लिस्ट और नामांकन के समय परेशानी हो सकती है.

विशेषज्ञों ने कहा कि छात्र आवेदन भरने के बाद एक बार सभी विवरण अवश्य जांच लें तथा अपना सही मोबाइल नंबर और ई-मेल दर्ज करें, ताकि बोर्ड से मिलने वाली सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें.

छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी सक्रियता

तिथि बढ़ने की सूचना मिलने के बाद छात्रों और अभिभावकों में हलचल तेज हो गई है. कई अभिभावकों ने बताया कि विशेष एवं कंपार्टमेंटल परीक्षा का रिजल्ट देर से आने के कारण बच्चे आवेदन नहीं कर सके थे. अब उन्हें राहत मिली है.

वहीं शिक्षा विभाग ने भी सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से छात्रों को समय पर आवेदन कराने में सहयोग करने की अपील की है. जानकारों का कहना है कि इंटर में नामांकन छात्रों के भविष्य का अहम पड़ाव होता है, इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.

Also Read: बिहार में अब आसमान से रखी जाएगी पुलों पर नजर, इजराइल के विशेषज्ञों से हो रही बात, जानिए सम्राट सरकार का प्लान

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन