सांप काटने के बाद झाड़-फूंक में गंवाया समय, अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की मौत

अस्पताल पहुंचने के बाद युवक को मृत घोषित किया गया
Gopalganj News : गोपालगंज में सांप काटने से एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घर में काम करते समय उसे जहरीले सांप ने डंस लिया था. अंधविश्वास के चलते परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए ओझा के पास ले गए, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
Gopalganj News : फुलवरिया थाना क्षेत्र के पवार बतरा गांव में सांप काटने से 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान रामप्रवेश यादव के पुत्र सुनील यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
घर में काम करने के दौरान सांप ने काटा
बताया जाता है कि सुनील यादव अपने घर में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया. सांप के डंसते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और परिजन घबरा गए.
पहले झाड़-फूंक कराई, बिगड़ती गई हालत
परिजनों ने युवक को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय स्थानीय ओझा के पास झाड़-फूंक के लिए पहुंचाया. काफी देर तक झाड़-फूंक कराई गई, लेकिन इस दौरान युवक की हालत लगातार गंभीर होती चली गई. स्थिति अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि युवक को सांप काटने के तुरंत बाद अस्पताल ले जाया जाता, तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी.
डॉक्टरों ने झाड़-फूंक के बजाय तत्काल इलाज की दी सलाह
सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं. समय पर उचित इलाज मिलने से मरीज की जान बचाई जा सकती है.
Also Read : पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने 24 जुलाई के 'काला दिवस' और 25 जुलाई के 'बिहार बंद' को सफल बनाने की अपील की
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










