गोपालगंज: सर्पदंश के बाद युवक की हालत गंभीर. गोरखपुर के ICU में भर्ती, चंदा जुटाकर करा रहे इलाज

अस्पताल में भर्ती युवक
गोपालगंज के भोरे प्रखंड में सर्पदंश का शिकार हुए एक गरीब युवक प्रदीप चौरसिया की जान बचाने के लिए पूरा गांव एकजुट हो गया है. गंभीर हालत में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती प्रदीप के इलाज के लिए ग्रामीण चंदा जुटा रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी मदद की अपील की जा रही है.
Gopalganj News: भोरे प्रखंड की जगतौली पंचायत के कावे गांव में सर्पदंश का शिकार हुए एक गरीब युवक की हालत लगातार गंभीर बनी हुई है. युवक का इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है. आर्थिक तंगी के कारण परिवार इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ है, ऐसे में गांव के लोग चंदा जुटाकर उसकी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
सर्पदंश के बाद बिगड़ी हालत
कावे गांव निवासी महंगू चौरसिया के 30 वर्षीय पुत्र प्रदीप चौरसिया को मंगलवार की रात एक विषैले सांप ने काट लिया. घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल भोरे रेफरल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया.
सदर अस्पताल में जांच के दौरान शरीर में जहर तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों ने प्रदीप को गोरखपुर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजनों ने उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया, जहां घटना के तीन दिन बाद भी उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
इंसानियत की मिसाल बने ग्रामीण
इलाज का खर्च लगातार बढ़ने से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है. ऐसे समय में गांव के लोगों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए आपस में चंदा इकट्ठा करना शुरू कर दिया है. ग्रामीण अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग कर गोरखपुर इलाज के लिए राशि भेज रहे हैं, ताकि प्रदीप की जान बचाई जा सके.
सोशल मीडिया पर भी मदद की अपील
ग्रामीणों के साथ-साथ स्थानीय युवाओं और समाजसेवी संगठनों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से मदद की अपील शुरू कर दी है. विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रदीप के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग की अपील की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग आगे आकर सहायता कर सकें.
ग्रामीणों का कहना है कि समय पर पर्याप्त आर्थिक मदद मिलने से प्रदीप का इलाज जारी रखा जा सकेगा और उसकी जान बचने की उम्मीद बढ़ेगी.
इसे भी पढ़ें: ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर भभुआ में युवक से साइबर ठगी, 4500 रुपए उडाए; पुलिस की फुर्ती से खाते में वापस आई रकम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










