गोपालगंज में प्रोजेक्ट आधारित पढ़ाई की तैयारी, मैथ और साइंस शिक्षकों को दिया जायेगा प्रशिक्षण

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गोपालगंज में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के लिए मैथ और साइंस शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित, रटने के बजाय गतिविधि आधारित पढ़ाई पर होगा जोर।

विज्ञापन

Gopalganj News : गोपालगंज सरकारी स्कूलों में बच्चों को केवल किताबों के पाठ तक सीमित रखने के बजाय प्रोजेक्ट और गतिविधियों के माध्यम से सीखने से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी गयी है. इसी उद्देश्य से शिक्षा विभाग की ओर से गुरुवार को जिला परिषद सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जायेगी. इसमें मैथ और साइंस के शिक्षकों को प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) के तहत प्रशिक्षण दिया जायेगा. कार्यशाला सुबह 11 बजे से शुरू होगी.

विज्ञापन

गतिविधियों और प्रयोगों से विषय समझेंगे बच्चे

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बताया जायेगा कि कक्षा में बच्चों की विषय संबंधी समझ को गतिविधियों, प्रयोग और प्रोजेक्ट के माध्यम से कैसे विकसित किया जा सकता है. पीबीएल के जरिये बच्चों को पढ़ाई में सक्रिय रूप से शामिल करने और उन्हें विषय को व्यवहारिक तरीके से समझाने पर जोर रहेगा.

रटने के बजाय करके सीखने पर जोर

पीबीएल का उद्देश्य बच्चों को केवल पाठ याद कराने के बजाय सवाल पूछने, प्रयोग करने और खुद समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है. गणित और विज्ञान जैसे विषयों को गतिविधि आधारित तरीके से पढ़ाने पर विशेष जोर दिया जायेगा. प्रशिक्षण में ऐसे प्रोजेक्ट तैयार करने और उन्हें कक्षा में लागू करने के तरीके भी बताये जायेंगे, जिससे बच्चों की भागीदारी बढ़ सके.

बीइओ और तकनीकी टीम भी होगी शामिल

जिला स्तरीय कार्यशाला में सभी प्रखंडों के बीइओ के साथ प्रखंड तकनीकी टीम और लेखापाल भी शामिल होंगे. कार्यशाला को लेकर जिला स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गयी है. संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम के सदस्यों को विषयवार तैयारी के साथ समय पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है. सभी बीइओ की मौजूदगी अनिवार्य की गयी है.

जिला प्रशिक्षण के बाद प्रखंडों में भी होगा प्रशिक्षण

जिला स्तर पर प्रशिक्षण पूरा होने के बाद यही प्रक्रिया प्रखंड स्तर पर आगे बढ़ायी जायेगी. इसके तहत मध्य विद्यालय और उत्क्रमित मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के अलावा गणित और विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जायेगा. इसका उद्देश्य पीबीएल की प्रक्रिया को स्कूलों और कक्षाओं तक पहुंचाना है.

स्कूलों में बदलेगा पढ़ाने का तरीका

विभाग की कोशिश है कि प्रोजेक्ट आधारित पढ़ाई केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि इसका असर सीधे कक्षा में दिखाई दे. इसके लिए प्रधानाध्यापकों और विषय शिक्षकों को जिम्मेदारी दी जायेगी. गतिविधि और प्रोजेक्ट आधारित पढ़ाई के माध्यम से बच्चों में विषय के प्रति रुचि बढ़ाने और कठिन अवधारणाओं को आसानी से समझाने का प्रयास किया जायेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन