गोपालगंज में 19 अगस्त से दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष जांच शिविर, देखें प्रखंडवार तारीख
सांकेतिक तस्वीर
जिले के 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए 19 अगस्त से विशेष जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा. यह अभियान 10 सितंबर तक चलेगा, जिसमें बच्चों की दिव्यांगता की जांच, प्रमाणन और सहाय्य उपकरण की जरूरत का आकलन होगा. अपने नज़दीकी प्रखंड संसाधन केंद्र पर समय पर पहुंचकर इसका लाभ उठाएं.
Special Camps for Disabled Children: जिले के 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों के लिए 19 अगस्त से विशेष जांच शिविर का आयोजन किया जायेगा. यह अभियान 10 सितंबर तक जिले के सभी प्रखंड संसाधन केंद्रों (बीआरसी) पर चलेगा. शिविर में बच्चों की दिव्यांगता की जांच, प्रमाणन और सहाय्य उपकरण की जरूरत का आकलन किया जायेगा.
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निर्देश पर डीडीसी सौरव कुमार के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा विभाग ने प्रखंडवार शिविर की तिथियां निर्धारित की हैं. सभी शिविर निर्धारित तिथि को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक संबंधित प्रखंड संसाधन केंद्र पर आयोजित होंगे.
जांच के लिए जरूरी कागजात साथ लाना होगा
सहाय्य उपकरण के लिए शिविर में आने वाले बच्चों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र अथवा 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाला यूडीआइडी कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रति और दिव्यांगता दर्शाते हुए दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा.
वहीं, दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आने वाले बच्चों के लिए आधार कार्ड की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ रखना अनिवार्य किया गया है.
स्कूल और टोला सेवक अभिभावकों को देंगे सूचना
सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, टोला सेवकों, तालिमी मरकज, संसाधन शिक्षकों और प्रखंड साधन सेवियों को अपने क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें निर्धारित तिथि पर शिविर तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है.
अभिभावकों को समय पर शिविर की जानकारी देने और आवश्यक कागजात के साथ बच्चों को लाने के लिए जागरूक करने को कहा गया है. पीएम श्री विद्यालयों में नामांकित दिव्यांग बच्चों को भी संबंधित बीआरसी में भेजने का निर्देश दिया गया है.
शिविर में मौके पर होगा यूडीआइडी आवेदन
दिव्यांग बच्चों का यूडीआइडी आवेदन ऑनलाइन कराने के लिए प्रत्येक प्रखंड में दो कंप्यूटर शिक्षक या ऑपरेटर की व्यवस्था की जायेगी. प्रखंड विकास पदाधिकारियों को डाटा इंट्री ऑपरेटर को लैपटॉप और प्रिंटर के साथ प्रतिनियुक्त करने को कहा गया है.
शिविर स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थानों के साथ समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया है.
19 अगस्त से बैकुंठपुर में शुरू होगा शिविर
विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रखंडवार शिविर की तिथियां इस प्रकार हैं-
- 19 अगस्त: बैकुंठपुर
- 20 अगस्त: सिधवलिया
- 21 अगस्त: बरौली
- 22 अगस्त: मांझा
- 25 अगस्त: थावे
- 27 अगस्त: कुचायकोट
- 28 अगस्त: गोपालगंज
- 29 अगस्त: हथुआ
- 31 अगस्त: उचकागांव
- 2 सितंबर: फुलवरिया
- 3 सितंबर: पंचदेवरी
- 8 सितंबर: भोरे
- 9 सितंबर: कटेया
- 10 सितंबर: विजयीपुर
सभी प्रखंडों में शिविर का आयोजन संबंधित प्रखंड संसाधन केंद्र पर किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










