gopalganj news : कुचायकोट में लगभग 20 करोड़ की लागत से बनेगा सरकारी डिग्री कॉलेज

gopalganj news : प्रशासनिक स्तर पर 11 एकड़ भूमि के चयन की प्रक्रिया हुई तेजउच्च शिक्षा के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर, छात्रों में उत्साह
gopalganj news : कुचायकोट. प्रखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की शुरुआत हो गयी है. वर्षों से लंबित सरकारी डिग्री कॉलेज की मांग अब साकार होती नजर आ रही है. प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर भूमि चयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गयी है. लगभग 20 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित इस कॉलेज के निर्माण को लेकर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
संभावित स्थलों का किया गया निरीक्षण
इस क्रम में सीओ द्वारा प्रखंड के विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया. गहन अवलोकन के बाद कुचायकोट पंचायत क्षेत्र में स्थित लगभग 11 एकड़ भूमि को डिग्री कॉलेज निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है. यह भूमि वेल्वनवा हनुमान मंदिर के पीछे तथा रेलवे लाइन के समीप स्थित है. अधिकारियों के अनुसार यह स्थान भौगोलिक, प्रशासनिक और शैक्षणिक दृष्टि से अत्यंत अनुकूल है.
यातायात की दृष्टि से सुविधाजनक स्थान
चयनित स्थल की सबसे बड़ी विशेषता इसकी बेहतर कनेक्टिविटी है. यहां से राष्ट्रीय राजमार्ग-27 तथा कुचायकोट बाजार की ओर जाने के लिए दोनों दिशाओं में सुगम सड़क मार्ग उपलब्ध है. इससे भविष्य में कॉलेज तक पहुंचने में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी. साथ ही रेलवे लाइन के समीप होने के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों से आने-जाने में भी सहूलियत होगी.
निरीक्षण में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
भूमि निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, राजस्व कर्मचारी शुभम कुमार, अमीन अमन पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभाग के कर्मी मौके पर मौजूद थे. सभी ने संयुक्त रूप से स्थल का अवलोकन कर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की और भूमि की उपयोगिता पर सहमति जतायी.
छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
डिग्री कॉलेज के निर्माण से कुचायकोट प्रखंड ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को भी बड़ा लाभ मिलेगा. वर्तमान में उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को गोपालगंज, सीवान या अन्य जिलों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की परेशानी होती है. कॉलेज के खुलने के बाद स्थानीय स्तर पर ही स्नातक स्तर की पढ़ाई संभव हो सकेगी.
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी रफ्तार
स्थानीय लोगों का मानना है कि डिग्री कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र का समग्र विकास होगा. शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे. कॉलेज के कारण आसपास के बाजार, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए भेजा जायेगा. सभी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




