थावे-मशरक रेलखंड पर ट्रेनें मार्च से

Updated at : 05 Feb 2017 4:16 AM (IST)
विज्ञापन
थावे-मशरक रेलखंड पर ट्रेनें मार्च से

पहल. जीएम ने मशरक से थावे तक किया आमान परिवर्तन कार्य का निरीक्षण थावे : इस वर्ष मार्च के अंत तक थावे-मशरक रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जायेगा. ट्रेनों का परिचालन शुरू होते ही लंबी दूरी की ट्रेनें भी चलने लगेंगी. पूर्वोतर रेलवे के जीएम ने थावे में यह आश्वासन दिया. गोरखपुर के […]

विज्ञापन

पहल. जीएम ने मशरक से थावे तक किया आमान परिवर्तन कार्य का निरीक्षण

थावे : इस वर्ष मार्च के अंत तक थावे-मशरक रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जायेगा. ट्रेनों का परिचालन शुरू होते ही लंबी दूरी की ट्रेनें भी चलने लगेंगी. पूर्वोतर रेलवे के जीएम ने थावे में यह आश्वासन दिया. गोरखपुर के महाप्रबंधक राजीव मिश्रा शनिवार को थावे स्टेशन पहुंचे. स्पेशल बैगन से जीएम ने थावे से मशरक तक चल रहे आमान परिवर्तन कार्य का निरीक्षण किया.
इसके पूर्व थावे स्टेशन पर पहुंचते ही स्टेशन मास्टर पीएन बैठा ने बुके देकर अधिकारी का स्वागत किया. स्टेशन पर पहुंचते ही जीएम ने सर्वप्रथम पैनल मशीनों की जानकारी ली तथा पैनल रूम से एक टेबुल हटाने की बात कही तथा रूम के बाहर शेड लगाने का निर्देश दिया. साथ ही जीएम ने प्रतिक्षालय, वेेंडिग दुकान, सर्कुलेटिंग एरिया और टिकट घर का निरीक्षण किया. जीएम ने टिकट घर में अतिरिक्त खिड़की खोलने तथा टिकट घर से सटे प्रचार-प्रसार पोस्टर को हटाने का निर्देश दिया.
जीएम मशरक, राजापट्टी, दीघवा दुबौली, रतनसराय, गोपालगंज होते हुए थावे स्टेशन पहुंचे और इन सभी स्टेशनों पर रुक-रुक कर स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान डीआरएम वाराणसी एस के कश्यप ने बताया कि मशरक से थावे तक सभी लाइन कंप्लीट है. सीआरएस निरीक्षण के लिए अप्लाइ किया जा रहा है. फरवरी के अंत तक सीआरएस निरीक्षण का कार्य होगा और मार्च के अंत तक थावे-मशरक रेलखंड पर परिचालन शुरू होने की उम्मीद है.
इधर, जीएम के आगमन के बाद थावे-मशरक रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन शुरू होने की न सिर्फ उम्मीद जगी है, बल्कि लंबी दूरी की ट्रेनें चलने की भी उम्मीद जग गयी है. मौके पर एसआइ छपरा रामविलास, संजय गंगवार, डीसीआइ शंभु कुमार सहित सभी पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
की गयी थी सफाई, कर्मी रहे चुस्त-दुरुस्त : जीएम के आगमन को लेकर थावे रेलवे स्टेशन के सभी कर्मी चुस्त-दुरुस्त रहे. अधिकारी के आगमन के पूर्व ही स्टेशन के चप्पे-चप्पे की सफाई करायी गयी थी. एक कागज का टुकड़ा भी देखते ही हटा लिया जाता था. बुकिंग काउंटर से लेकर हर जगह खास तैयारी की गयी थी. ऐसे में यात्रियों ने भी शनिवार को स्टेशन पर सुकून महसूस किये.
सिधवलिया : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जीएम के आगमन की सूचना मिलते ही हजारों की तादाद में ग्रामीण स्टेशन पर पहुंच गये. जैसे ही महाप्रबंधक राजीव मिश्रा की स्पेशल बैगन सिधवलिया स्टेशन पर पहुंची, ग्रामीणों ने उत्साह के साथ उनको माला पहनाया तथा मांग पत्र सौंपा. निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्रा मशरक-थावे रेलखंड पर चल रहे आमान परिवर्तन कार्य का निरीक्षण करने सिधवलिया पहुंचे. अधिकारी ने बारिकी से स्टेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. स्थानीय मुखिया जयंती देवी ने महाप्रबंधक को मांग पत्र सौंपते हुए कई कार्य कराने की मांग की. गौरतलब है कि सिधवलिया स्टेशन के विकास के लिए चार सौ एकड़ जमीन अधिगृहीत की गयी है जिस पर कई जनहितकारी कार्य कराने की मांग ग्रामीणों ने की.
हालांकि मांग पत्र लेने के बावजूद जीएम ने ग्रामीणों को कोई आश्वासन नहीं दिया. मौके पर सभी विभागों के अध्यक्ष, पूर्व मुखिया त्रिलोकी प्रसाद, मुखिया पति शंभुनाथ गुप्ता, अरुण कुंवर, प्रदीप गुप्ता, सुरेंद्र साह, ईश्वर साह, रामाशंकर साह, जितेंद्र कुमार, मनोज पांडेय, मोख्तार साह, संतु सिंह, बबलू सिंह सहित एक हजार से अधिक ग्रामीण उपस्थित थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन