मीरगंज में गोली मारकर युवक की हत्या

Published at :20 Jun 2018 5:51 AM (IST)
विज्ञापन
मीरगंज में गोली मारकर युवक की हत्या

एनएच 85 के किनारे मिला शव, फैली सनसनी अपराधियों ने युवक की बाइक भी लूटी, पुलिस के वरीय अधिकारियों ने की जांच मीरगंज/थावे : अज्ञात अपराधियों ने सोमवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी व बाइक लूट ली. इसके बाद शव को छाप व खरगी मोड़ के बीच एनएच 85 […]

विज्ञापन

एनएच 85 के किनारे मिला शव, फैली सनसनी

अपराधियों ने युवक की बाइक भी लूटी, पुलिस के वरीय अधिकारियों ने की जांच
मीरगंज/थावे : अज्ञात अपराधियों ने सोमवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी व बाइक लूट ली. इसके बाद शव को छाप व खरगी मोड़ के बीच एनएच 85 के किनारे फेंक दिया. मृतक की पहचान थावे थाने के बंगरा तेलियाबारी गांव के नंदकिशोर पटेल के पुत्र नीतीश कुमार पटेल (23 वर्ष) के रूप में की गयी है. युवक को पीठ में गोली मारी गयी है. युवक का शव मीरगंज-सीवान मुख्य सड़क एनएच के किनारे देर तक पड़ा रहा. हत्या कर शव फेंके जाने की भनक लगते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गयी और देखने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा. छाप पंचायत के सरपंच सह अफसर अली व ग्रामीणों ने एनएच के किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंचे एसपी राशिद जमा समेत एएसपी नीरज कुमार, हथुआ एसडीपीओ मो इम्तियाज व मीरगंज थाने की पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी.
जांच में घटनास्थल पर खून के धब्बे व अन्य निशान नहीं पाये जाने पर पुलिस के अधिकारियों द्वारा युवक की कहीं दूसरी जगह हत्या कर शव को एनएच के किनारे फेंक देने की आशंका जाहिर की गयी. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से मृतक का बैग, हेलमेट, चश्मा, मोबाइल, कागजात आदि बरामद किया. इसके साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. उधर, एसपी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या करनेवाले अपराधियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
मछागर लछिराम से सीवान जा रहा था युवक
युवक अपने ननिहाल मछागर लछिराम से बाइक से सीवान जा रहा था कि रास्ते में अपराधियों ने हत्या कर दी. पुत्र की मौत के सदमे से आहत पिता ने रोते हुए बताया कि नीतीश सोमवार की सुबह अपने घर बंगरा में आया था और सुबह उन्हें बाइक से लेकर सीवान गया था. शाम को सीवान के गंडक कॉलोनी में कार्यरत मामा जितेंद्र पटेल के सरकारी आवास से अपनी नानी मालती देवी को सीवान लाने के लिए मछागर लछिराम पहुंचा. यहां नानी ने सुबह में सीवान चलने की बात कही तो वह शाम को लगभग सात बजे नानी से मंगलवार की सुबह में आने की बात कहकर वापस सीवान के लिए निकला था. इसी दौरान रास्ते में छाप के पास उसकी हत्या कर दी गयी.
मृतक की बहन ने दी घटना की सूचना
परिजनों ने बताया मृतक की बहन नीपू कुमारी ने अपने पिता के मोबाइल पर भाई के साथ हुई घटना की सूचना दी. इस पर पिता ने अपने पुत्र के मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन पर पुत्र की मौत की सूचना पुलिस ने दी. पिता गांव से तिलक समारोह में भाग लेने सीवान जिले के आंदर थाने के पड़री गांव में गये थे. सूचना मिलते ही वे शव को लेकर थावे पुलिस के साथ सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया.
परिजनों की चीत्कार से दहल उठा बंगरा गांव
थावे. मां पुत्र के शव से लिपटकर दहाड़ मार कर रो रही थी. वहीं, अपने पोते का शव देखते ही 75 वर्षीय दादा ईश्वर पटेल व 72 वर्षीय दादी शारदा देवी भी रोते-रोते बेहोश हो जा रहे थे. उधर, भाई की मौत की सूचना पाकर बहन निपु और भाई आकाश बेसुध थे.
परिवार का एकमात्र कमाऊ बेटा था: मृतक दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था. वह सीसीटीवी लगाने और बनाने का काम सीवान के बड़हरिया रोड में स्थित ओम डायग्नोस्टिक सेंटर में लगभग पांच वर्षों से कर रहा था. इसी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन