शेरघाटी में युवती पर ईंट-पत्थर और रॉड से हमला, गंभीर हालत में गया जी रेफर, जांच में जुटी पुलिस

सांकेतिक तस्वीर
शेरघाटी थाना क्षेत्र में एक युवती पर ईंट-पत्थर और रॉड से क्रूर हमला हुआ है. हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गया जी के शेरघाटी थाना क्षेत्र के बड़ी भुईटोली (सुमाली) मुहल्ला में एक युवती के साथ मारपीट और ईंट-पत्थर से हमला करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़िता के पिता राज कुमार दास ने शेरघाटी थाना में शिकायत दर्ज की है.
पुलिस से की गई शिकायत के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे गांव में हुए विवाद के दौरान आरोपितों ने उनकी पुत्री रूपा कुमारी पर ईंट, रॉड और पत्थर से हमला कर दिया.
अस्पताल में भर्ती और गंभीर स्थिति
हमले में उसके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश होकर गिर गई. स्थानीय लोगों की मदद से पहले उसे अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच), गया रेफर कर दिया गया.
आरोपितों के नाम और आवेदन के आरोप
पीड़ित पक्ष ने आवेदन में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान ईंट-पत्थर चलने से अन्य लोग भी घायल हुए. इस मामले में बलेंद्र मांझी, विक्की मांझी, जितेंद्र मांझी, मुकेश कुमार समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










