बंद घर में लाखों की चोरी, शादी के जेवर और नकद उड़ा ले गये चोर

इमामगंज थाना क्षेत्र के विश्रामपुर मोड़ के पास बंद घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
इमामगंज. इमामगंज थाना क्षेत्र के विश्रामपुर मोड़ के पास बंद घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और शादी के लिए रखे लाखों रुपये के जेवर व नकद लेकर फरार हो गये. पीड़िता आंगनबाड़ी सेविका नीरा देवी ने बताया कि मंगलवार को उनकी बेटी गया में भूमि-पूजन कार्यक्रम में शामिल थी. उसी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पूरा परिवार घर बंद कर चला गया था. बुधवार सुबह लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला. अंदर प्रवेश करने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था. चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर बेटी की शादी के लिए जमा किये करीब 11 लाख रुपये के जेवर और तीन लाख रुपये नकद चोरी कर लिये. घटना के बाद आभूषण का खाली डिब्बा पास के खेत में बिखरा मिला, जिससे अंदेशा है कि चोर जल्दबाजी में सामान लेकर भागे. घटना के बाद पीड़िता ने इमामगंज थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. इस संबंध में थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










