गया जी के वजीरगंज में अधिवक्ता के बंद मकान में चोरी, 16 CCTV कैमरे तोड़े; DVR भी ले गए चोर
चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों से जानकारी लेती पुलिस | Prabhat Khabar Network
गया जी के वजीरगंज में एक अधिवक्ता के खाली घर को चोरों ने निशाना बनाया. लाखों की संपत्ति चोरी हुई, जिसमें 55 हजार नकद भी शामिल हैं. चोरों ने 16 CCTV कैमरे और DVR भी ले गए.
गया जी जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के करजरा गांव में बुधवार की देर रात चोरों ने एक अधिवक्ता के बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने घर में लगे 16 सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और उनसे जुड़े दो डीवीआर भी अपने साथ ले गए.
इसके अलावा गोदरेज में रखे 55 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली. घटना में डेढ़ लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
देखभाल करने वाले व्यक्ति ने दी चोरी की सूचना
गृहस्वामी कुमार अभिमन्यु प्रताप ने बताया कि वे पटना हाईकोर्ट में सरकारी अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं. उनके भाई का एनजीओ से संबंधित कार्यालय भी इसी मकान में संचालित होता है.
मकान की देखभाल के लिए दिनेश चौधरी को रखा गया है. गुरुवार की सुबह दिनेश चौधरी ने फोन कर मकान में चोरी होने की जानकारी दी.
टूटे मिले ताले और अस्त-व्यस्त सामान
सूचना मिलने के बाद गृहस्वामी घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले. अंदर जाने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था. चोरों ने घर में रखे बैग और अटैचियों को भी खंगाला था.
घर की सुरक्षा के लिए लगाए गए सभी 16 सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया गया, जिससे चोरों की गतिविधियों का फुटेज मिलने में भी परेशानी हो सकती है. चोर कैमरों से जुड़े दोनों डीवीआर भी अपने साथ ले गए.
Also Read : शेखपुरा में न्यायिक कार्यों की निगरानी के लिए नई कमेटी गठित, कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन-ऑफलाइन कर सकेगा शिकायत
पुलिस को दी गई सूचना और मौके पर जांच
घटना की सूचना वजीरगंज पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
थानाध्यक्ष का बयान और मामले की जांच
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि गृहस्वामी की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









