बोधगया की IAS कॉलोनी में 5 चोरों ने घर को बनाया निशाना, शिक्षक के घर से 5 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े
घटनास्थल का मुआयना करती बोधगया डीएसपी मधु कुमारी | Prabhat Khabar Network
बोधगया के दोमुहान स्थित IAS कॉलोनी में एक बड़ी चोरी की घटना हुई है. पांच चोरों ने एक घर में घुसकर लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Bodhgaya IAS Colony Theft : बोधगया के दोमुहान स्थित आईएएस कॉलोनी में प्रभात सिंह के घर में किरायेदार राजीव रंजन के कमरे की खिड़की का ग्रिल खोलकर चोरों ने 55 हजार नकद सहित लगभग पांच लाख मूल्य के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया.
बुधवार की देर रात करीब सवा एक बजे पांच की संख्या में रहे चोरों ने कमरे के पीछे स्थित बालकनी में लगी सीसीटीवी कैमरे को भी नुकसान पहुंचाया, पर इससे पहले उनकी करतूत कैमरे में कैद हो चुकी है.

कमरे में घुसकर आलमारी और पलंग खंगाला
राजीव रंजन एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं और फ्लैट के दूसरे कमरे में सो रहे थे. कमरा बाहर से बंद था लेकिन, खिड़की का ग्रिल खोलने के बाद चोर कमरे में दाखिल हुए और आलमारी व पलंग में रखे सामान को बिखेर दिया.
Also Read : शेखपुरा में न्यायिक कार्यों की निगरानी के लिए नई कमेटी गठित, कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन-ऑफलाइन कर सकेगा शिकायत
एक ब्रीफकेस में रखे जेवर, जिनमें सोने की चेन, कान का झुमका व अंगूठी थे, के साथ ही अलग-अलग जगहों पर रखे 55 हजार रुपये भी निकाल ले गए. चोरों ने कमरे को अंदर से भी बंद कर दिया था.

सुबह में खुला चोरी का रहस्य
सुबह में जब राजीव रंजन की पत्नी बॉबी सिन्हा ने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा, तब अंदर से बंद मिला. इसके बाद पीछे स्थित गलियारे में आकर देखा तो पाया कि खिड़की का ग्रिल खुला हुआ है और कमरे में सभी सामान बिखरा पड़ा है.

डीएसपी ने घटनास्थल का किया मुआयना
घटना की सूचना पर बोधगया डीएसपी मधु कुमारी पहुंचीं और पूछताछ के साथ अन्य जानकारी प्राप्त कीं.
डीएसपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना को अंजाम देने वाले किस रास्ते से पहुंचे थे.

अपराधियों की पहचान और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
उनकी पहचान की जा रही है व बोधगया में किसी संगठित गिरोह द्वारा लगातार चोरी की घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ने के साथ ही पेट्रोलिंग बढ़ाने व रोको-टोको अभियान भी शुरू कराया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









