गया मगध मेडिकल हॉस्पिटल में 600 बेड का बनेगा नया भवन, 250 क्षमता की धर्मशाला पर भी खर्च होंगे करोड़ों
अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल का निरीक्षण करते विधानसभा अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मगध मेडिकल अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अस्पताल में 600 बेड क्षमता वाले नए भवन और 250 लोगों के ठहरने के लिए धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा. यह सुविधा यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएगी.
Gaya Medical College Hospital : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की आधारभूत संरचना, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा निर्माणाधीन और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी ली.
अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान भवन वर्ष 1960 में निर्मित है और अब काफी जर्जर हो चुका है. इससे किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है.
इस पर डॉ. प्रेम कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई की जानकारी ली. सचिव ने बताया कि अस्पताल में 600 बेड क्षमता वाले नए भवन के साथ 250 क्षमता के छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा, जिसका डीपीआर तैयार हो चुका है.
अस्पताल में नए भवनों के निर्माण की योजना
चार अन्य हॉस्टल और एक मर्चरी भवन के निर्माण की स्वीकृति प्रक्रिया में है. अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1500 मरीज ओपीडी और 200 से अधिक मरीज इमरजेंसी में पहुंचते हैं. डॉ. कुमार ने बताया कि गया जी में नए अस्पताल भवन, हॉस्टल, धर्मशाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाओं का विस्तार कर लोगों को आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
मौके पर अस्पताल अधीक्षक आनंद प्रसाद आनंद, डीजीएम पप्पू चंद्रवंशी, राजनंदन गांधी, ऋषभ राज, जितेंद्र कुमार, अभियंता रामलगन प्रसाद, गौतम सहित अन्य थे.
अटेंडेंट के लिए 250 क्षमता वाली धर्मशाला का निर्माण
मरीजों की संख्या को देखते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने अटेंडेंट के ठहरने की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया. बिहार राज्य आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के पदाधिकारी ने बताया कि 250 क्षमता वाली धर्मशाला के लिए स्थल चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा गया है. इसके निर्माण पर करीब 18 से 20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
Also Read : शेखपुरा में न्यायिक कार्यों की निगरानी के लिए नई कमेटी गठित, कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन-ऑफलाइन कर सकेगा शिकायत
रामसागर में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि गया टाउन विधानसभा क्षेत्र के रामसागर में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शुरू हो गया है. बिहार चिकित्सा सेवाएं व आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड द्वारा करीब 1,16,95,000 रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया जा रहा है.
तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
इस केंद्र से स्थानीय लोगों के साथ पितृपक्ष मेला के दौरान आने वाले लाखों तीर्थ यात्रियों को भी स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









