Gaya News : आस्था का संगम: थाई महारानी ने महाबोधि मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना

Gaya News : थाइलैंड की महारानी चाओखुन फ्रा सिनेनाथा बिलासाकल्यानी ने बुधवार को महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की. महारानी के इस दौरे का आध्यात्मिक महत्व गहरा है.
बोधगया. थाइलैंड की महारानी चाओखुन फ्रा सिनेनाथा बिलासाकल्यानी ने बुधवार को महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की. महारानी के इस दौरे का आध्यात्मिक महत्व गहरा है और इसने भारत और थाईलैंड के बीच सदियों पुरानी सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को मजबूत किया है, जो साझा बौद्ध विरासत पर आधारित है. महारानी ने मंदिर के गर्भगृह में व पवित्र बोधिवृक्ष के नीचे प्रार्थना की और बीटीएमसी के वरिष्ठ भिक्षुओं द्वारा आयोजित मंत्रोच्चार और ध्यान सत्रों में भाग लिया. इनका औपचारिक स्वागत बीटीएमसी की सचिव डॉ महाश्वेता महारथी, बीटीएमसी के सदस्य डॉ अरविंद कुमार सिंह, महाबोधि मंदिर के भिक्षु भिक्खु चालिंदा, केयरटेकर भिक्षु डॉ दीनानंद और वरिष्ठ भिक्षु डॉ मनोज ने बीटीएमसी और गया जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ किया. इस यात्रा के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना समारोह, मंत्रोच्चार और पुष्प अर्पण का आयोजन किया गया. गर्भगृह में बीटीएमसी के सदस्यों व भिक्षुओं ने सम्मान और सद्भावना के प्रतीक के रूप में महारानी को स्मृति चिह्न और पवित्र बोधि पत्र भेंट किये. ये स्मृति चिह्न स्थानीय कारीगरों द्वारा विशेष रूप से तैयार किये गये थे, जो क्षेत्र की पारंपरिक शिल्पकारी को दर्शाते हैं. बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति ने थाई महारानी की यात्रा के लिए गहरी कृतज्ञता व्यक्त की और इसे विश्वभर के भक्तों और बौद्धों के लिए गौरव और आध्यात्मिक प्रेरणा का क्षण बताया. इससे पहले वह थाइलैंड के राजसी विमान से गया एयरपोर्ट पर दोपहर दो बजे पहुंची और उसके बाद बोधगया आयीं. बताया गया कि बोधगया, राजगीर, नालंदा के बाद वह वाराणसी होते हुए वापस थाईलैंड लौटेंगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




