बीमारियों से निबटने में फंक्शनल फूड्स की भूमिका अहम
Published by : KALENDRA PRATAP SINGH Updated At : 16 Feb 2026 5:49 PM
सीयूएसबी के स्कूल ऑफ फिजिकल एंड केमिकल साइंसेज ने किया व्याख्यान आयोजित
सीयूएसबी के स्कूल ऑफ फिजिकल एंड केमिकल साइंसेज ने किया व्याख्यान आयोजित
वरीय संवाददाता, बोधगया.
सीयूएसबी के स्थापना दिवस पखवारे के तहत व्याख्यान शृंखला के अंतर्गत सीयूएसबी के स्कूल ऑफ फिजिकल एंड केमिकल साइंसेज की ओर से न्यूट्रास्यूटिकल्स-बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया. कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति जाने-माने जैव रसायनविद प्रो राम लखन सिंह ने व्याख्यान दिया. उन्होंने प्रिवेंटिव एवं थेराप्यूटिक हेल्थकेयर में न्यूट्रास्यूटिकल्स, फंक्शनल फूड्स तथा डाइटरी सप्लीमेंट्स की बढ़ती महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला. प्रो सिंह ने डायबिटीज, हृदय रोगों तथा प्रतिरक्षा-क्षमता में कमी जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निबटने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया. साथ ही उन्होंने सतत स्वास्थ्य समाधान के लिए पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया. अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो केएन सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालयों को ज्ञान-सृजन के केंद्र के रूप में कार्य करना चाहिए, जिससे समाज को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि न्यूट्रास्यूटिकल्स अनुसंधान जैसे विज्ञान-आधारित दृष्टिकोण प्रिवेंटिव हेल्थ केयर के माध्यम से जीवन की गुणवत्ता को उल्लेखनीय रूप से सुधार सकते हैं. इससे युवा शोधकर्ताओं को रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान तथा स्वास्थ्य विज्ञान के अंतर्संबंधित क्षेत्रों में उभरते आयामों को अन्वेषित करने की प्रेरणा मिलती है.कुलपति ने कहा कि शिक्षक को शिक्षा की गुणवत्ता को उच्चतम स्तर तक ले जाने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए, तभी हम विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं. पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम के औपचारिक उद्घाटन के बाद स्वागत भाषण में स्कूल ऑफ फिजिकल एंड केमिकल साइंसेज के डीन प्रो अतुल प्रताप सिंह ने शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं अंतर्विषयी पहल को निरंतर प्रोत्साहन देने के लिए कुलपति का आभार व्यक्त किया तथा मुख्य वक्ता का हार्दिक स्वागत किया. उन्होंने कहा कि ऐसे व्याख्यान विद्यार्थियों और शोधार्थियों में नवाचार व अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करते हैं.
दिन-प्रतिदिन बढ़ती जायेगी मांगइस कार्यक्रम का समापन भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो बुधेंद्र सिंह के प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में न्यूट्रास्यूटिकल्स विज्ञान किसी भी राष्ट्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसकी मांग दिन-प्रतिदिन बढ़ती जायेगी. उन्होंने स्कूल के संकाय सदस्य प्रो वेंकटेश सिंह, प्रो अमिय प्रियम, प्रो विजय राज सिंह, डॉ जगन्नाथ रॉय, डॉ गिरीश चंद्र, डॉ अंगद कुमार सिंह, डॉ लखविंदर सिंह, डॉ महेंद्र खत्रावत, डॉ मौनी रॉय, डॉ अखिलानंद कुमार, डॉ रोहित रंजन शाही, डॉ नितिन चंद्र व डॉ सप्तर्षि घोष का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन यूजी व पीजी के विद्यार्थियों अनमोल और श्रुति ने सफलतापूर्वक किया. इस व्याख्यान में विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, छात्र व शोधार्थी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










