गया जी में रेलवे की कॉपर केबल चोरी का खुलासा, 7 वारदातों के पीछे निकला अंतरराज्यीय गिरोह. 4 धराएं

Updated:
विज्ञापन
गिरफ्तार युवक के पास आरपीएफ की टीम  | Prabhat Khabar Network

गिरफ्तार युवक के पास आरपीएफ की टीम

गया आरपीएफ ने रेलवे के आइबीएस से कॉपर केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार चोर और दो रिसीवर को गिरफ्तार किया है।

विज्ञापन

Gaya Ji Junction : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गया-कोडरमा रेलखंड पर आइबीएस (इंटरमीडिएट ब्लॉक सिग्नल) से लगातार हुई सात कॉपर केबल चोरी की घटनाओं का खुलासा कर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई में गिरोह के चार सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ी को गिरफ्तार किया गया है. मामले में एक अन्य रिसीवर फरार है, जिसकी तलाश जारी है.

छह आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरपा थाना क्षेत्र के बजरंगी तुरिया, शेखपुरा जिले के रोहित कुमार, गिरिडीह जिले के विकास कुमार, नवादा जिले के वीरेंद्र कुमार, वजीरगंज थाना क्षेत्र के अजय कुमार कसेरा और केनारचट्टी निवासी राजू कुमार के रूप में हुई है. वहीं गौरी शंकर नामक एक अन्य रिसीवर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

सूचना मिलते ही आरपीएफ ने की घेराबंदी

आरपीएफ के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9:41 बजे रेलवे नियंत्रण कक्ष और सिग्नल विभाग से सूचना मिली कि हजारीबाग टाउन-बेस स्टेशन (HZBN-BES) के बीच स्थित आइबीएस में कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं. सूचना मिलते ही आरपीएफ हजारीबाग टाउन, अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निरीक्षक बाल गंगाधर और निरीक्षक प्रभारी अरविंद कुमार राम के नेतृत्व में मौके की घेराबंदी की. कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को मौके से पकड़ा गया, जबकि दो अन्य भाग निकले. बाद में तकनीकी निगरानी और लगातार छापेमारी के बाद दोनों फरार आरोपियों को भी गया-कोडरमा रेल लाइन के किनारे से गिरफ्तार कर लिया गया.

चोरी में इस्तेमाल उपकरण और कॉपर केबल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आरपीएफ ने इंटरलॉकिंग की, गैती, कुल्हाड़ी, हेक्सा ब्लेड, पेचकस, वायर कटर समेत कई उपकरण बरामद किए. इसके अलावा करीब 10 किलोग्राम कॉपर केबल और मौके से कुल लगभग 35 किलोग्राम कॉपर स्ट्रिप एवं वायर जब्त किए गए. बरामद सामान की अनुमानित कीमत 55,500 रुपये बताई गई है.

पूछताछ में सामने आया चोरी के नेटवर्क का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी रेलवे के विभिन्न आइबीएस स्थलों से कॉपर केबल चोरी कर चुके हैं. चोरी का सामान गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र स्थित केनारचट्टी के कबाड़ी अजय कुमार कसेरा को बेचा जाता था. इसके बाद संयुक्त टीम ने उसकी दुकान पर छापेमारी कर रेलवे में प्रयुक्त कॉपर पट्टियां और जले हुए कॉपर केबल बरामद किए.

पटना तक जुड़ा मिला चोरी के सामान का नेटवर्क

अजय कुमार कसेरा ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी का कॉपर राजू कुमार को बेचता था. राजू कुमार की दुकान पर छापेमारी में करीब 12 किलोग्राम कॉपर पट्टियां और जले हुए कॉपर केबल बरामद हुए. पूछताछ में राजू कुमार ने खुलासा किया कि चोरी का अधिकांश सामान पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित कुम्हरार टोली निवासी गौरी शंकर को बेचा गया था. पुलिस ने वहां भी छापेमारी की, लेकिन दुकान बंद मिली और कोई सामान बरामद नहीं हुआ. गौरी शंकर फिलहाल फरार है.


विज्ञापन
Rohit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Rohit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन