गया जी DM सख्त, कहा- सरकारी योजनाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

Updated:
विज्ञापन
बैठक में शामिल डीएम व अन्य  | Prabhat Khabar Network

बैठक में शामिल डीएम व अन्य

गया डीएम शशांक शुभंकर ने सरकारी योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।

विज्ञापन

गया जी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में सहयोग शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान, राजस्व महाअभियान, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना और राशन कार्ड से जुड़े मामलों की प्रगति पर चर्चा हुई. डीएम ने अधिकारियों को सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश

गया जी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका समय पर निपटारा किया जाए. जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रियता बढ़ाने पर जोर

टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को संभावित टीबी मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पात्र मरीजों को पोषण सहायता सहित सभी सरकारी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि अभियान को प्रभावी बनाया जा सके.

दाखिल-खारिज और राजस्व मामलों में तेजी लाने के निर्देश

राजस्व महाअभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी, भू-लगान और अन्य राजस्व मामलों के लंबित आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े.

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रचार पर दिया जोर

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इसका लाभ दिलाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इच्छुक लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य में तेजी लाई जाए.

पात्र लोगों को समय पर मिले राशन कार्ड

राशन कार्ड से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नए आवेदनों, लंबित मामलों और त्रुटि सुधार के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति राशन कार्ड के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. सभी आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

विभागीय समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर

बैठक के अंत में डीएम शशांक शुभंकर ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.


विज्ञापन
Jitendra Mishra

लेखक के बारे में

By Jitendra Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन