गया जी : मगध यूनिवर्सिटी में अब इंटर्नशिप के लिए नहीं देना होगा कोई अतिरिक्त शुल्क, कुलसचिव ने जारी किया पत्र
मगध विश्वविद्यालय
मगध विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को निर्देश दिया है कि चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के छात्रों से इंटर्नशिप के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
Magadh University : बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय (MU) के कुलसचिव ने सभी अंगीभूत एवं संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्यों को आधिकारिक पत्र भेजकर एक बहुत ही महत्वपूर्ण सूचना दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सीबीसीएस (CBCS) चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के तहत अध्ययनरत विद्यार्थियों को इंटर्नशिप कराने के एवज में छात्रों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा.
राज्यपाल सचिवालय के निर्देश का दिया गया हवाला
कुलसचिव ने अपने इस पत्र में माननीय राज्यपाल सचिवालय द्वारा पूर्व में जारी किए गए दिशा-निर्देशों का हवाला दिया है. उन्होंने कहा है कि राजभवन के निर्देशों के अनुरूप किसी भी संस्थान द्वारा इंटर्नशिप के बदले में छात्रों से किसी भी रूप में कोई शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए. यह नियम सभी कॉलेजों पर सख्ती से लागू होगा.
छात्र जदयू के विरोध प्रदर्शन और चेतावनी का दिखा परिणाम
उधर, विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलसचिव द्वारा यह निर्देश जारी किए जाने के बाद छात्र जदयू के मगध विश्वविद्यालय अध्यक्ष उत्तम कुशवाहा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके संगठन द्वारा इस संबंध में किए गए लगातार विरोध-प्रदर्शन और उठाए गए कदमों का ही सकारात्मक परिणाम है.
शुल्क वसूली का किया गया था कड़ा विरोध
छात्र नेता उत्तम कुशवाहा ने बताया कि उन्होंने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि यदि छात्रों से इंटर्नशिप के नाम पर अवैध शुल्क वसूला गया, तो छात्र जदयू इसके विरोध में जोरदार आंदोलन करेगा. प्रशासन द्वारा उनकी बात सुने जाने और आदेश जारी होने के बाद उन्होंने एमयू प्रशासन के प्रति अपना धन्यवाद ज्ञापित किया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए