गया जी : पितृपक्ष मेला 2026 से पहले डीएम का निर्देश, 10 सितंबर तक तैयार होंगे धर्मशाला के 65 कमरे

Updated:
विज्ञापन
फोटो-गया कंचन 3-धर्मशालाओं का जायजा लेते डीएम व अन्य पदाधिकारी  | Prabhat Khabar Network

धर्मशालाओं का जायजा लेते डीएम व अन्य पदाधिकारी

गया डीएम शशांक शुभंकर ने निर्माणाधीन गया जी धर्मशाला का निरीक्षण किया। पितृपक्ष मेला से पहले 10 सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

Gaya Ji Pitru Paksha Mela 2026 : गया जी के चांदचौरा स्थित निर्माणाधीन "गया जी धर्मशाला" का बुधवार को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने निरीक्षण किया. पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर आवासन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. निरीक्षण के दौरान बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अभियंताओं और ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

10 सितंबर तक तैयार होंगे 65 कमरे

डीएम ने निर्देश दिया कि धर्मशाला के प्रथम ब्लॉक में बनाए जा रहे 65 कमरों को सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ 10 सितंबर तक पूरी तरह तैयार कर उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आवासन व्यवस्था समय पर पूरी होनी चाहिए.

पार्किंग व्यवस्था भी समय पर करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने धर्मशाला परिसर की पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाहनों के सुचारु आवागमन और व्यवस्थित पार्किंग के लिए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं. पार्किंग क्षेत्र को भी 10 सितंबर तक पूरी तरह विकसित करने का लक्ष्य तय किया गया.

गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत

डीएम शशांक शुभंकर ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए. उन्होंने कहा कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

पितृपक्ष मेला में श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

जिलाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु गया जी पहुंचते हैं. ऐसे में उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. निर्माणाधीन "गया जी धर्मशाला" मेला अवधि में श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण आवासीय सुविधा उपलब्ध कराएगी और आवासन व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी.

निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारी, पंडा समाज के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Kanchan Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Kanchan Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन