बोधगया में केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों को किया संबोधित, बोले- पत्रकारों की वजह से सच्चाई आज भी जीवित है

विज्ञापन

वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बोधगया में पत्रकारिता के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता ही समाज को सच्चाई से रूबरू कराती है.

विज्ञापन

निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराती है तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाती है. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को बोधगया स्थित डेल्टा इंटरनेशनल होटल में आयोजित इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र से वर्चुअल माध्यम से पत्रकारिता से जुड़े छात्र-छात्राओं को संबोधित किया.

विज्ञापन

इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारिता के महत्व, लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता की आवश्यकता तथा राष्ट्र और समाज के प्रति पत्रकारों के दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए.

उपमुख्यमंत्री ने आईएफडब्ल्यूजे (IFWJ) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. के. विक्रम राव को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. राव पत्रकारों की बुलंद आवाज थे. भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होने के बावजूद उन्होंने अफसर की कुर्सी के बजाय पत्रकार की कलम को चुना.

उनका यह निर्णय पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, साहस और जन सरोकारों के प्रति समर्पण का प्रतीक है. डॉ. राव की पावन स्मृतियों को सादर नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन और कृतित्व पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणास्रोत है. श्री मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है. पत्रकारों की वजह से सच्चाई आज भी जीवित है.

पत्रकारों के योगदान और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा

श्री मौर्य ने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराती है तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाती है. पत्रकारों की लेखनी ने जनसामान्य के बीच अनेक महत्वपूर्ण विषयों को पहुंचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है.

राष्ट्रीय परिषद सत्र में मौजूद जर्नलिस्ट्स | Prabhat Khabar Network
बोधगया में IFWJ के राष्ट्रीय परिषद सत्र के दौरान मौजूद पत्रकार.

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से जनता के सामने विभिन्न राजनीतिक दलों और सरकारों के कार्यों का वास्तविक चित्र प्रस्तुत होता है. जनता तथ्यों के आधार पर अपना दृष्टिकोण बनाती है.

उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है. सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के माध्यम से देश के प्रत्येक राज्य में जनता का विश्वास अर्जित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिला सशक्तीकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं. युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार के नये अवसरों से जोड़कर विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है.

डॉ. के. विक्रम राव के जीवन से लें प्रेरणा

उन्होंने कहा कि किसानों की आय, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. किसानों की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर क्रय सुनिश्चित करने के साथ कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए निरंतर कार्य किये जा रहे हैं.

श्री मौर्य ने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे डॉ. के. विक्रम राव जैसे वरिष्ठ पत्रकारों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जनहित को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाएं.

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण दायित्व भी है.

उपमुख्यमंत्री ने आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय परिषद सत्र के आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन पत्रकारिता जगत में वैचारिक विमर्श, अनुभवों के आदान-प्रदान और युवा पत्रकारों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन