पीएम मोदी के ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान से लाइव जुड़ेगा गया कॉलेज, देश के 125 संस्थानों में शामिल

दिल्ली से लाइव प्रसारण का ट्रायल करते हुए मगध विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक एवं विद्यार्थी | Prabhat Khabar Network
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ कर रहे हैं. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में देश भर के 125 प्रमुख संस्थान जुड़ेंगे, जिनमें बिहार के गया कॉलेज का भी चयन हुआ है.
PM Modi Nasha Mukt Yuva Campaigns : युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखने और एक स्वस्थ, सशक्त व विकसित भारत के निर्माण के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दो अगस्त की सुबह 10:30 बजे 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया जाएगा. देश भर के 125 प्रमुख संस्थानों को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम से सीधे जोड़ने की योजना है, जिसमें बिहार के चार प्रमुख संस्थानों का चयन किया गया है.
इनमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, गया कॉलेज, गया को भी शामिल किया गया है. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री युवाओं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से ऑनलाइन माध्यम से सीधे लाइव जुड़ेंगे और संवाद करेंगे. गया कॉलेज में इस कार्यक्रम के सीधे लाइव प्रसारण की पूरी तैयारी कर ली गई है.
इसके लिए दिल्ली से दो-तीन मर्तबा तकनीकी ट्रायल की प्रक्रिया भी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है और केंद्र से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जा रहा है. इस ऐतिहासिक अभियान का मेजबान संस्थान होने पर गर्व व्यक्त करते हुए गया कॉलेज के प्राचार्य सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति नई चेतना और संकल्प का संचार करेगा.
कुलपति और कुलसचिव का संदेश
इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है. नशा मुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.
गया कॉलेज में प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण अभियान का लाइव कार्यक्रम आयोजित होना मगध विश्वविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है. वहीं, कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को भी गहराई से प्रभावित करता है. इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जन-जागरूकता आवश्यक है और एनएसएस के स्वयंसेवक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
एनएसएस समन्वयकों की प्रतिक्रिया और तैयारियां
मगध विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने बताया कि विगत कुछ महीनों से विश्वविद्यालय द्वारा नशा उन्मूलन के क्षेत्र में लगातार सक्रिय योगदान दिया जा रहा है. स्वयंसेवकों के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर एवं विभिन्न महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और शपथ ग्रहण जैसी गतिविधियां आयोजित की गई हैं.
प्रधानमंत्री के अभियान में गया कॉलेज का चयन इन्हीं सतत प्रयासों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इसी क्रम में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्रा ने विश्वास जताया कि स्वयंसेवक प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे.
रविवार को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उपस्थिति
रविवार को आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मगध विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव, डीएसडब्ल्यू, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक, स्थानीय जन-प्रतिनिधि, विभिन्न प्रशासनिक पदाधिकारी, 'माय भारत' के स्वयंसेवकों सहित महाविद्यालय के शिक्षक तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










