विदेशी टूरिस्ट घटे, अब शादियों के बाजार के भरोसे टिका कारोबार

विदेशी पर्यटकों और बौद्ध भिक्षुओं की चहल-पहल से गुलजार रहने वाले बोधगया का होटल व्यवसाय अब अपने ऑफ सीजन मोड में आ गया है.
बोधगया. विदेशी पर्यटकों और बौद्ध भिक्षुओं की चहल-पहल से गुलजार रहने वाले बोधगया का होटल व्यवसाय अब अपने ऑफ सीजन मोड में आ गया है. गर्मी बढ़ने और प्रमुख पूजा समारोहों के समापन के साथ ही विदेशी मेहमानों की आमद गिर गयी है. अगले कुछ दिनों में इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी पूरी तरह बंद हो जायेंगी. ऐसे में करोड़ों का निवेश कर बैठे होटल कारोबारियों ने अपनी आमदनी और कर्मचारियों का खर्च निकालने के लिए अब शादी-विवाह (लगन) के बाजार को अपना सर्वाइवल प्लान बना लिया है.
बड़े लॉन और फुल पैकेज की डिमांड हाइ
लगन के इस सीजन में उन होटलों की चांदी है, जिनके पास बड़े लॉन और ओपन स्पेस हैं. जयमाला, भव्य मंडप और बफे के लिए खुली जगह आयोजनकर्ताओं की पहली पसंद बनी हुई है. मुख्य सड़क के किनारे स्थित ऐसे होटलों की मांग सबसे ज्यादा है और मांग के अनुरूप उनके रेट भी चढ़ने लगे हैं. होटल एसोसिएशन बोधगया के महासचिव सह डेल्टा इंटरनेशनल के एमडी संजय सिंह ने साफ किया कि लोग अब भागदौड़ से बचना चाहते हैं. इसलिए कमरों के साथ लॉन, कैटरिंग और बड़ी पार्किंग की इन-हाउस सुविधा देने वाले होटलों की डिमांड ज्यादा है. इसी के दम पर होटल कारोबारी ऑफ सीजन में भी अपना काम चलाऊ खर्च निकाल पा रहे हैं. हालांकि, भारी भीड़ को नियंत्रित करना और सुरक्षा सुनिश्चित करना होटलों के लिए एक बड़ी चुनौती है.
अपार्टमेंट कल्चर बना होटल इंडस्ट्री के लिए वरदान
होटलों की इस बढ़ती डिमांड के पीछे तेजी से बढ़ता शहरीकरण और अपार्टमेंट कल्चर एक बड़ा कारण है. शहरों में लोग छोटे फ्लैट्स में रह रहे हैं, जहां शादी जैसे बड़े आयोजनों के लिए रस्में निभाने और मेहमानों को ठहराने की जगह बिल्कुल नहीं होती. इस मजबूरी ने लोगों को होटलों और रिसॉर्ट्स का रुख करने पर मजबूर कर दिया है. इसके अलावा, बोधगया में शादी करने का एक बड़ा ””प्लस पॉइंट”” यह भी है कि समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों को महाबोधि मंदिर और अन्य मठों के दर्शन (पर्यटन) का मुफ्त अवसर मिल जाता है, जो इस जगह को एक परफेक्ट वेडिंग डेस्टिनेशन बनाता है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




