गया जी : मगध विश्वविद्यालय कवि सम्मेलन के लिए 5 प्रतिभागियों का चयन, शुक्रवार को होगा काव्य पाठ
काव्य प्रतियोगिता में एमयू के छात्र हुए शामिल | Prabhat Khabar Network
मगध विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में कवि सम्मेलन के लिए 5 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है. विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों ने अपनी मौलिक रचनाओं से जजों को प्रभावित किया. शुक्रवार को होने वाले भव्य कवि सम्मेलन में इनकी काव्य प्रस्तुति होगी.
मगध विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के ''मीराबाई कक्ष'' में शुक्रवार को आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन हेतु विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई. प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपनी मौलिक रचनाओं का उत्साहपूर्वक पाठ किया.
प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों में हिंदी विभाग से शोधार्थी रीमा कुमारी व मनीष कुमार, पीजी विद्यार्थी अभिषेक कुमार व गोपेश कुमार, संस्कृत विभाग से सोनाली कुमारी, शिक्षा विभाग (बीएड) से अंकुश राज एवं शुभम कुमार शामिल रहे. इसके अतिरिक्त उर्दू विभाग के शोधार्थी नौशाद और अंग्रेजी विभाग की स्नातकोत्तर छात्रा शिप्रा कुमारी ने भी काव्य पाठ किया.
निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन और चयनित प्रतिभागी
निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभाग से प्रो. सुशील कुमार सिंह, संस्कृत विभाग से डॉ. ममता मेहरा, उर्दू विभाग से डॉ. जियाउल्लाह अनवर एवं हिंदी विभाग से डॉ. अंबे कुमारी सम्मिलित रहे. निर्णायकों ने मौलिकता, प्रस्तुति एवं काव्य सौंदर्य का बारीकी से मूल्यांकन करते हुए द्वितीय चरण से हिंदी विभाग की शोधार्थी रीमा कुमारी और शिक्षा विभाग (बीएड) के छात्र अंकुश राज का चयन किया.
पांच अगस्त को संपन्न हुए प्रथम चरण की प्रतियोगिता में उर्दू विभाग के नौशाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जबकि हिंदी विभाग की सुमित्रा कुमारी रजक एवं अंग्रेजी विभाग की शिप्रा कुमारी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रही थीं.
Also Read : गया जी : कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बताया डीएपी का विकल्प, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के फायदे भी समझाए
इस तरह शुक्रवार को होने वाले भव्य कवि सम्मेलन में अब कुल पांच विद्यार्थी, नौशाद, सुमित्रा कुमारी रजक, शिप्रा कुमारी, रीमा कुमारी और अंकुश राज अपनी कविताओं की प्रस्तुति देंगे.
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी
कार्यक्रम में हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. आनंद कुमार सिंह, मंच संचालन कर रहे डॉ. परम प्रकाश राय, सहायक आचार्य डॉ. राकेश कुमार रंजन, डॉ. अनुज कुमार तरुण, डॉ. किरण कुमारी शर्मा के साथ-साथ सुशीला, नीलम सहित बड़ी संख्या में शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










