पानी संकट से जूझ रहे स्वास्थ्य कर्मी, भवन में दिखने लगी दरारें
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 21 May 2026 3:07 PM
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
Gayaji News: डुमरिया के एपीएचसी मैगरा में पानी की कमी से स्वास्थ्य कर्मी और मरीज परेशान हैं. वहीं भवन की दीवारों में दरारें और उखड़ती टाइल्स से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं.
Gayaji News(मनोज मिश्रा): डुमरिया प्रखंड के एपीएचसी मैगरा में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को इन दिनों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्वास्थ्य केंद्र में पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कर्मियों के साथ-साथ मरीजों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं. बताया जाता है कि एपीएचसी भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद करीब एक वर्ष पूर्व इसे स्वास्थ्य विभाग डुमरिया को हैंडओवर कर दिया गया था. निर्माण एजेंसी को भवन का मेंटेनेंस लगभग तीन वर्षों तक करना है, लेकिन व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है.
जलापूर्ति नहीं हो रही
स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि भवन में शौचालयों में नल तो लगाए गए हैं, लेकिन निर्माण के बाद से आज तक उनमें पानी की एक बूंद भी नहीं आई. परिसर में पानी की टंकी भी लगाई गई है, परंतु उसमें जलापूर्ति नहीं हो रही है. स्थिति यह है कि पीने के पानी से लेकर शौचालय उपयोग तक के लिए कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
दीवारों में दरारें दिखाई देने लगी हैं
वहीं भवन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं. कई जगहों पर दीवारों में दरारें दिखाई देने लगी हैं, जबकि फर्श पर लगे टाइल्स भी उखड़ने शुरू हो गए हैं. इससे भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इस संबंध में निर्माण संवेदक दिवाकर घोष से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
स्वास्थ्य कर्मियों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द समस्या समाधान की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके. इस संदर्भ में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डुमरिया डॉ कबीर आलम ने बताया कि पानी की समूचित व्यवस्था को लेकर पत्राचार किया जा रहा है. उन्होंने इस संदर्भ में सम्वेदक से भी बात किए जाने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










