गया जंक्शन के मेमू शेड में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, आग से बचाव के बताये गये उपाय

आग से बचाव के बारे में जानकारियां देते अग्निशमन अधिकारी | Prabhat Khabar Network
गया जंक्शन स्थित मेमू शेड में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में घबराहट से बचते हुए प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देना था.
Gaya Ji News : गया जंक्शन स्थित मेमू शेड परिसर में बुधवार को रेलवे अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया.
इस दौरान आग लगने जैसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, बचाव और राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. मॉक ड्रिल का उद्देश्य रेलवे कर्मियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सही तरीके से स्थिति का सामना करने के लिए तैयार करना था.
अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को दी सुरक्षा की जानकारी
यह मॉक ड्रिल जिला अग्निशमन अधिकारी अमन कुमार के निर्देश पर सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी नवीन कुमार की देखरेख में आयोजित की गई.
अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों और शुरुआती चरण में आग पर नियंत्रण पाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी.
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग का प्रदर्शन कर बताया गया. साथ ही यह भी समझाया गया कि किसी भी प्रकार की आग लगने पर सबसे पहले संबंधित अधिकारियों और अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना दें, बिजली की आपूर्ति बंद करें और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अन्य लोगों की भी सहायता करें.
सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का कराया गया अभ्यास
मॉक ड्रिल में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार कर कर्मचारियों को सुरक्षित निकासी, प्राथमिक बचाव कार्य और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास कराया गया.
अधिकारियों ने बताया कि ऐसी नियमित मॉक ड्रिल से कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वास्तविक आपदा के समय नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने रेलवे कर्मियों से कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन करने, विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत सूचना देने की अपील की.
मॉक ड्रिल के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाई और आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की. अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल आयोजित किए जाएंगे, ताकि रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके.
Also Read : शेखपुरा में मकान मालिक बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किराये पर नहीं दे सकेंगे मकान, जानें नया नियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










