दो बुलेट की आमने-सामने टक्कर, शादी समारोह में जा रहे युवक की मौत

गया-रजौली स्टेट हाइवे-70 पर टनकुप्पा थाना क्षेत्र के द्वारका गांव के समीप शनिवार शाम दो बुलेट मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गयी.
टनकुप्पा. गया-रजौली स्टेट हाइवे-70 पर टनकुप्पा थाना क्षेत्र के द्वारका गांव के समीप शनिवार शाम दो बुलेट मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गयी. इस जानलेवा हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. मृतक की पहचान वजीरगंज थाना क्षेत्र के पतेड़ गांव निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र मिस्त्री के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, जितेंद्र अपनी बुलेट से जेहलीबिगहा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. जैसे ही वह द्वारका गांव के पास पहुंचे, सामने (बरतारा की ओर) से आ रही एक अन्य तेज रफ्तार बुलेट से उनकी सीधी भिड़ंत हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितेंद्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक की पहचान टनकुप्पा थाना क्षेत्र के चनरसाढ़ गांव निवासी पप्पू पासवान (पिता- उमेश पासवान) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में नजदीकी क्लीनिक पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही टनकुप्पा थानाध्यक्ष रीना कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बुलेट को जब्त कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया जी भेज दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




