गया जंक्शन पर RPF का चेकिंग अभियान, कांवरियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक; AC कोच कराया खाली

Updated:
विज्ञापन

चेकिंग अभियान चलाते सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह | Prabhat Khabar Network

गया रेलवे स्टेशन पर श्रावणी मेले को लेकर RPF ने यात्रियों और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एक विशेष अभियान चलाया. इस दौरान सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और AC कोच से अनाधिकृत यात्रियों को बाहर निकाला गया.

विज्ञापन

Gaya RPF Checking Campaign : श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों और कांवड़ियों की सुरक्षा तथा गया रेलवे स्टेशन परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया की ओर से विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया.

व. सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ गया संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव सहित आरपीएफ के अधिकारियों व जवानों ने प्लेटफॉर्म संख्या 1/सी पर अभियान चलाया.

अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 13023 व 13024 हावड़ा-गया एक्सप्रेस के आगमन और प्रस्थान के समय यात्रियों एवं कांवड़ियों को लाउड हेलर के माध्यम से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी.

यात्रियों और कांवड़ियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश

आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु नहीं लें. यात्रा के दौरान गैस सिलिंडर, स्टोव, केरोसिन तेल सहित किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ साथ लेकर नहीं चलने की हिदायत दी गयी.

आरपीएफ ने यात्रियों को यह भी बताया कि ट्रेन या स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें. यात्रियों से उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने और ट्रेन के गेट अथवा पायदान पर खड़े होकर सफर नहीं करने की अपील की गयी.

अनावश्यक रूप से चेन पुलिंग नहीं करने की चेतावनी देते हुए कहा गया कि ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

एसी कोच से कांवड़ियों को बाहर निकालना और टिकट जांच

चेकिंग अभियान के दौरान एसी कोच में यात्रा कर रहे कांवड़ियों को वाणिज्य विभाग और आरपीएफ की टीम ने बाहर कराया. इसके अलावा वाणिज्य विभाग के सहयोग से आरपीएफ ने एमयूटीएस (मोबाइल ऑन रिजर्व टिकटिंग सिस्टम) के माध्यम से टिकटों की जांच भी कराई. आरपीएफ ने ट्रेन को सुरक्षित तरीके से गया जंक्शन से रवाना कराया.

Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी

मेला अवधि के दौरान निगरानी और जागरूकता अभियान जारी

अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और यात्री सुरक्षित सफर कर सकें.


विज्ञापन
Rohit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Rohit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन