गया पहुंचे क्रिकेट खिलाड़ी सोहैब खान, समर्थकों की भीड़ ने किया जोरदार स्वागत
Published by : Suryakant Kumar Updated At : 24 May 2026 4:50 PM
क्रिकेटर सोहैब खान का किया गया स्वागत
Gaya News: गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल क्रिकेट खिलाड़ी सोहैब खान का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इस दौरान उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और बड़े भाई को दिया.
Gaya News(संजीव कुमार सिन्हा): गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को इंटरनेशनल क्रिकेट खिलाड़ी सोहैब खान के स्वागत में भारी उत्साह देखने को मिला. एयरपोर्ट परिसर समर्थकों, परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ से गुलजार रहा. इस दौरान फूल-मालाओं और नारों के साथ सोहैब खान का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इस मौके पर टिकारी विधायक अजय डांगी, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष उमेर खान उर्फ टीका खान समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे. सोहैब खान के पिता और भाई भी एयरपोर्ट पर स्वागत के दौरान उपस्थित थे.
बड़े भाई और परिवार को अपनी सफलता का श्रेय दिया
मीडिया से बातचीत करते हुए सोहैब खान ने कहा कि गया में लोगों का इतना प्यार और समर्थन देखकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि वह एक अंडरडेवलप क्षेत्र से आते हैं, जहां क्रिकेट के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन जुनून और परिवार के सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उन्होंने अपने बड़े भाई और परिवार को अपनी सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि जामिया में मौका मिलने के बाद उनका सफर आगे बढ़ता गया और अब उनका लक्ष्य हर स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करना है.
IPL में बिहार के खिलाड़ियों को मिले मौका
सोहैब खान के बड़े भाई ने कहा कि गया और मगध क्षेत्र के लिए यह गर्व का क्षण है. उन्होंने बताया कि इस बार हुए T20 वर्ल्ड कप में बिहार से दो खिलाड़ियों ईशान किशन और सोहैब खान ने हिस्सा लिया, जो पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि बिहार में IPL टीम बनने की मांग लगातार उठ रही है और लोग चाहते हैं कि उसमें बिहार के खिलाड़ियों को मौका मिले.
वहीं विधायक अजय दांगी ने कहा कि सोहैब खान ने न सिर्फ गया बल्कि पूरे बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. उन्होंने कहा कि डुमरिया जैसे क्षेत्र से निकलकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक पहुंचना युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है. अजय दांगी ने सोहैब खान की मेहनत, ईमानदारी और संघर्ष की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Also Read: रोहिणी नक्षत्र शुरू, नहरों में पानी नहीं, धान की खेती पर संकट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










