बिंदी, रॉकी, टेनी व राजेश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 07 Jun 2016 8:20 AM

विज्ञापन

30 दिनों के भीतर पुलिस ने अदालत को सौंपी अनुसंधान रिपोर्ट गया : गया में रोडरेज की घटना में मारे गये छात्र आदित्य सचदेवा के मामले में पुलिस ने सोमवार को अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी. हाइप्रोफाइल आदित्य हत्याकांड के आरोपितों रॉकी यादव, बिंदी यादव, टेनी यादव व राजेश कुमार के खिलाफ पुलिस ने […]

विज्ञापन
30 दिनों के भीतर पुलिस ने अदालत को सौंपी अनुसंधान रिपोर्ट
गया : गया में रोडरेज की घटना में मारे गये छात्र आदित्य सचदेवा के मामले में पुलिस ने सोमवार को अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी. हाइप्रोफाइल आदित्य हत्याकांड के आरोपितों रॉकी यादव, बिंदी यादव, टेनी यादव व राजेश कुमार के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं से युक्त चार्जशीट कोर्ट को सौंपी है. इसमें हत्याकांड के गवाहों के बयान व एफएसएल की रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गयी अनुसंधान रिपोर्ट शामिल है.
इस मामले के अनुसंधानकर्ता (आइओ) रामपुर थाने के इंस्पेक्टर गौरीशंकर गुप्ता ने एसीजेएम-चतुर्थ संजय कुमार की अदालत में चार्जशीट के साथ ही केस डायरी भी पेश की.
अब इस मामले में आगे की सुनवाई शुरू की जायेगी. उल्लेखनीय है कि विगत सात मई की रात करीब आठ बजे गया स्थित पुलिस लाइन रोड में रोडरेज की एक घटना के बाद आदित्य सचदेवा नामक एक छात्र की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. आदित्य अपने चार साथियों, नासीर, आयुष, अंकित व कैफी के साथ स्वीफ्ट कार में सवार था, जबकि मुख्य आरोपित रॉकी यादव रेंज रोवर गाड़ी में था. गाड़ी में रॉकी के साथ टेनी यादव व राजेश कुमार भी थे.
इस मामले में मुख्य आरोपित एमएलसी मनोरमा देवी व पूर्व जिला पार्षद बिंदी यादव के बेटे रॉकी यादव ,रॉकी के चचेरे भाई टेनी यादव व एमएलसी के सरकारी बॉडीगार्ड राजेश कुमार (अब निलंबित) के साथ ही बिंदी यादव को भी आरोपित बनाया गया है. रॉकी यादव, टेनी यादव, राजेश कुमार व बिंदी यादव फिलहाल गया सेंट्रल जेल में बंद हैं.
घटना के बाद जांच-पड़ताल करने गया पहुंचे जोनल आइजी नैयर हसनैन खां ने कहा था कि एक महीने के अंदर चार्जशीट दाखिल कर दी जायेगी. इस दौरान हत्याकांड के अनुसंधान के दौरान एफएसएल की टीम ने भी साक्ष्य के तौर पर कई नमूने एकत्र किये थे. एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने अदालत को केस डायरी के साथ चार्जशीट भी सौंप दी है. जोनल आइजी ने बताया कि एसएसपी गरिमा मलिक के निर्देशन में चार्जशीट तैयार की गयी है. वैज्ञानिक अनुसंधान से प्राप्त सबूतों के आधार पर चार्जशीट बनी है. उन्होंने बताया कि अब इस मामले की स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सुनवाई के लिए अदालत से आग्रह किया जायेगा. इस बीच, एसएसपी गरिमा मलिक ने सोमवार को ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कोर्ट में इस मामले की स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सुनवाई कराने का आवेदन दिया है. एसएसपी ने बताया कि स्पीडी ट्रायल के माध्यम से मामले की सुनवाई होने से जल्द-से-जल्द दोषियों को सजा व पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा.
चार्जशीट के साथ एफएसएल की रिपोर्ट भी
आदित्य हत्याकांड को लेकर रामपुर थाने में दर्ज कांड संख्या 130/2016 में पुलिस ने चार्जशीट के साथ एफएसएल की रिपोर्ट भी अदालत को सौंपी है. इसमें रॉकी की पिस्तौल से निकली गोली, जो कार के शीशे को छेदती हुई आदित्य सचदेवा के सिर में जा लगी थी, रॉकी की पिस्तौल, आदित्य के कपड़े, नासीर के कपड़े, कार व रेंज रोवर गाड़ी से फिंगर प्रिंट की रिपोर्ट, स्वीफ्ट कार के शीशे पर मिले बारूद के अंश की रिपोर्ट व अन्य शामिल हैं.
हत्या व अन्य धाराओं में बनाया गया है आरोपित
पुलिस द्वारा दायर चार्जशीट संख्या 175/2016 में धारा 341/323, 307, 427, 302, 201, 212, 217, 177, 34 आइपीसी व 27/30 आर्म्स एक्ट लगाया गया है. इसमें रॉकी यादव, टेनी यादव, बिंदी यादव व निलंबित सिपाही राजेश कुमार को आरोपित बनाया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन