ePaper

बिहार के वाल्मीकिनगर से झारखंड के हरिहरगंज तक बनेगी फोर लेन सड़क, वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे से भी जुड़ेगी

Updated at : 04 Jun 2023 1:44 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार के वाल्मीकिनगर से झारखंड के हरिहरगंज तक बनेगी फोर लेन सड़क, वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे से भी जुड़ेगी

बिहार के वाल्मीकिनगर से पटना के नौबतपुर, बिक्रम, अरवल, औरंगाबाद, अंबा से हाेकर हरिहरगंज तक 454 किमी लंबाई में फोरलेन सड़क का निर्माण होगा. इस सड़क की कनेक्टिविटी पटना-बेतिया सड़क से की जायेगी. साथ ही यह सड़क आगे वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगी. इससे कोलकाता पहुंचना आसान होगा.

विज्ञापन

पटना. नेपाल बॉर्डर पर स्थित बिहार के वाल्मीकिनगर से झारखंड के हरिहरगंज तक करीब 454 किमी लंबाई में फोरलेन सड़क बनेगी. यह सड़क पटना के नौबतपुर से बिक्रम, अरवल, औरंगाबाद, अंबा से हाेकर हरिहरगंज पहुंचेगी. करीब 143 किमी लंबाई की इस सड़क का डीपीआर इसी साल बनकर तैयार हो जायेगा. साथ ही इस सड़क का निर्माण अगले साल शुरू हाेने और इसे 2026 तक बनकर तैयार होने की संभावना है. इस फोरलेन सड़क के निर्माण की मंजूरी पिछले दिनों केंद्र सरकार ने दे दी है.

पटना से हरिहरगंज तक बनी हुई है दो लेन की सड़क 

सूत्रों के अनुसार पटना के नौबतपुर से हरिहरगंज तक पहले से दो लेन एनएच-98 बना हुआ है. इस दो लेन की सड़क पर गाड़ियों का दबाव अधिक रहता है. सोन नदी के पूर्वी छोर से बिल्कुल पास होकर यह एनएच बिक्रम-अरवल-औरंगाबाद और अंबा होते हुए हरिहरगंज तक जाता है. झारखंड के पश्चिमी छोर के गढ़वा-डाल्टेनगंज और छत्तीसगढ़ तक आवागमन करने वालों के लिए यह सड़क बेहतर माना जाता है.

पटना-बेतिया सड़क से होगी कनेक्टिविटी

हरिहरगंज से नौबतपुर तक पहुंचने वाली एनएच-98 की कनेक्टिविटी पटना-बेतिया सड़क से की जायेगी. फिलहाल करीब 5600 करोड़ रुपये की लागत से करीब 195 किमी लंबे इस फोरलेन सड़क का निर्माण हो रहा है. यह बुद्ध सर्किट का मुख्य हिस्सा है. इस नये फोरलेन के बनने के बाद वाल्मीकिनगर से हरिहरगंज तक का सफर 11 घंटे से घटकर छह घंटे का हो जायेगा. इसके अलावा झारखंड के पश्चिमी इलाके में स्थित पलामू और चतरा से नेपाल की सीधी कनेक्टिविटी हो जायेगी. सोनपुर से अरेराज तक गंडक नदी के पश्चिमी किनारे की तरफ भी फोर लेन का निर्माण होगा, जिससे सारण कमिश्नरी के दो जिले सारण और गोपालगंज के दियारा इलाके में आवागमन बेहतर होगा.

Also Read: पटना-आरा-सासाराम एक्सप्रेसवे का निर्माण 2025 तक होगा पूरा, दिल्ली व लखनऊ से बेहतर होगी कनेक्टविटी
इस सड़क के बनने से होंगे कई फायदे

इस सड़क के बनने से वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व देखने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी. उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला एक अन्य मार्ग विकसित हो जायेगा. वाल्मीकिनगर से हरिहरगंज तक आवागमन में वर्तमान में करीब 11-12 घंटे लगते हैं, सड़क बनने पर करीब छह से सात घंटे लगेंगे. यह सड़क आगे वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगी. इससे कोलकाता पहुंचना आसान होगा. साथ ही दक्षिण बिहार से सिलीगुड़ी और असम की तरफ जाना भी आसान होगा. कम समय में रास्ता तय होगा. राेजी-रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे. इससे राज्य सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी होगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन