मुंगेर के नदी में तैरती मिली युवक की लाश, शव बरामद कर घटना की जांच में जुटी पुलिस
मुंगेर के एक नदी में तैरती हुई एक युवक की लाश मिली है. सुबह-सुबह जब लोगों की नजर लाश पर पड़ी तो इस घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस शव को बरामद कर घटना की जांच शुरू कर दी.
बिहार के मुंगेर से बड़ी खबर आ रही है. बुधवार को हवेली खड़गपुर के सितुहार गांव में उस वक्त सनसनी फैल गयी, जब एक युवक की लाश से लगी डंगरी नदी में तैरती हुई दिखाई दी. दरअसल सुबह-सुबह जब लोगों की नजर लाश पर पड़ी, तब इस बारे में जानकारी हुई. अभी-भी इस बारे में पूर्ण रूप से जानकारी नहीं मिल पाई है कि युवक की मौत कैसे हुई. आशंका जताई जा रही है की वह किसी प्रकार की दुर्घटना का शिकार हो गया होगा. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. घटना खड़गपुर थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार सितुहार गांव में कच्ची मोड़ के समीप बुधवार सुबह के वक्त लोग काम करने खेत की तरफ गए थे. कुछ लोग डंगरी नदी के आस-पास भी गए थे.
ग्रामीणों ने देखा कि नदी में एक शख्स का शव तैर रहा है. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना खड़गपुर थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज कुमार सदल बल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पानी से निकलवा कर अपने कब्जे में ले लिया. शव निकालने के बाद शव की पहचान थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव निवासी स्वर्गीय नरेश पाठक के पुत्र 20 वर्षीय गौरव कुमार के रूप में की गई. वहीं थाना पुलिस के द्वारा इसकी सूचना मृतक युवक के परिजनों को दी गई. सूचना मिलते ही मृतक युवक के चाचा ने मौके पर पहुंचकर लाश गौरव कुमार की होने की पुष्टि की. मृतक के चाचा इंद्रदेव पाठक ने बताया कि वह मानसिक रोगी था तथा वह बोल भी नहीं पाता था.
Also Read: धनबाद अग्निकांड: मां की हुई दर्दनाक मौत, इधर सदमे के साथ बिहार इंटर परीक्षा देने पहुंचा दिनेश
मृतक के माता-पिता का देहांत बहुत पहले हो चुका है. यह पांच भाइयों में सबसे छोटा था. यह मंगलवार की दोपहर घर से निकला था तथा रात में जब घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने खूब खोजबीन की. लेकिन कहीं इसका पता नहीं चला. सुबह हमें सूचना मिली कि इस की लाश मिली है. फिलहाल पुलिस ने उसके परिजनों को पूरे घटनाक्रम का जानकारी दे दी है. पुलिस की टीम ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Radheshyam Kushwaha
राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










