Darbhanga News: स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का कार्य आरंभ

Published by : PRABHAT KUMAR Updated At : 04 Oct 2025 5:47 PM

विज्ञापन

Darbhanga News:दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची की तैयारी को लेकर प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा. दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची की तैयारी को लेकर प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुआ. इसकी संयुक्त अध्यक्षता उप निदेशक (खाद्य) सुशील कुमार मिश्र और उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र ने की. प्रशिक्षण दो पाली में संपन्न हुआ. प्रशिक्षण के दौरान सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और नाम निर्दिष्ट पदाधिकारियों को बताया गया कि स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का निर्माण कार्य आरंभ हो गया है. इसकी पहली नोटिस 30 सितंबर को जारी कर दी गई है. समाचार पत्रों में नोटिस का प्रथम पुनः प्रकाशन 15 अक्टूबर को और द्वितीय पुनः प्रकाशन 25 अक्टूबर को किया जायेगा.

आवेदन और प्रकाशन की समय सीमा तय

प्रशिक्षण में बताया गया कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि छह नवम्बर निर्धारित की गई है. प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 25 नवम्बर को होगा. दावा और आपत्ति दर्ज करने के लिए 25 दिसंबर तक आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे. आयोग द्वारा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 दिसंबर को किया जाएगा.

पूर्व की सूची निरस्त, नये सिरे से तैयार होगी सूची

प्रशिक्षण में यह स्पष्ट किया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची नए सिरे से तैयार की जा रही है. पूर्व की सूची को निरस्त कर दिया गया है. आयोग द्वारा दरभंगा प्रमंडल आयुक्त को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नामित किया गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अधिसूचित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और अन्य अधिसूचित पदाधिकारियों को भी नामित किया गया है.

स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अर्हता शर्तें

प्रशिक्षण में जानकारी दी गयी कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत होने के लिए एक नवम्बर 2025 से तीन वर्ष पूर्व अर्थात 30 अक्टूबर 2022 तक राज्य के सूचीबद्ध विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष योग्यता होना आवश्यक है. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सूची में पंजीकरण के लिए अर्हक तिथि से पूर्व छह वर्षों में कम से कम तीन वर्ष शिक्षण कार्य में कार्यरत होना अनिवार्य है. वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सूची में शामिल होने के लिए फॉर्म 18 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सूची में शामिल होने के लिए फॉर्म 19 में आवेदन करना होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHAT KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन