दरभंगा: प्रभात खबर की खबर का असर, वर्षों से बंद डीएमसीएच की अत्याधुनिक लांड्री शुरू कराने की कवायद तेज

Updated:
विज्ञापन
लॉन्ड्री का निरीक्षण करते डीएमसीएच उपाधीक्षक डॉ सुरेंद्र कुमार | Prabhat Khabar Network

लॉन्ड्री का निरीक्षण करते डीएमसीएच उपाधीक्षक डॉ सुरेंद्र कुमार | Prabhat Khabar Network

दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) की वर्षों से बंद पड़ी अत्याधुनिक लांड्री को फिर से चालू कराने के लिए अस्पताल प्रशासन ने सक्रियता दिखाई है. यह खबर प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद उपाधीक्षक ने लांड्री का निरीक्षण किया है.

विज्ञापन

Darbhanga News: डीएमसीएच में स्थापित अत्याधुनिक लांड्री वर्षों से बंद रहने की खबर प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया है. मंगलवार को अस्पताल प्रशासन ने लांड्री को जल्द चालू कराने की दिशा में आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दीं. लंबे समय से लांड्री बंद रहने के कारण अस्पताल के बेडशीट, कंबल, तकिया कवर और अन्य कपड़ों की धुलाई के लिए उन्हें पटना भेजना पड़ रहा है.

उपाधीक्षक ने किया लांड्री का निरीक्षण

डीएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने मंगलवार को सर्जरी भवन स्थित लांड्री का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी मशीनों को चलवाकर उनकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि लांड्री को जल्द से जल्द संचालन योग्य बनाया जाए, ताकि अस्पताल को इसका लाभ मिल सके. जानकारी के अनुसार सर्जरी भवन में मुख्य लांड्री स्थापित है, जबकि सुपर स्पेशियलिटी भवन में इसकी एक इकाई है, जहां कपड़ों का स्टरलाइजेशन किया जाता है. वहीं कपड़ों के भंडारण के लिए स्टॉक प्वाइंट भी बनाया गया है.

मशीनों की कार्यक्षमता की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान लांड्री में लगी सभी आधुनिक मशीनों की कार्यक्षमता और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई. उपाधीक्षक ने निर्देश दिया कि यदि किसी मशीन में तकनीकी कमी है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि लांड्री का संचालन बिना किसी बाधा के शुरू हो सके.

हैंडओवर और टेंडर के बाद अस्पताल में ही होगी धुलाई

अस्पताल प्रशासन के अनुसार बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) से लांड्री का विधिवत हैंडओवर मिलने और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अस्पताल के कपड़ों की धुलाई डीएमसीएच परिसर में ही शुरू कर दी जाएगी. इससे बेडशीट, कंबल, तकिया कवर और अन्य कपड़ों को पटना भेजने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी. साथ ही समय और खर्च की बचत होगी तथा मरीजों को समय पर स्वच्छ कपड़े उपलब्ध कराए जा सकेंगे.


विज्ञापन
अजय कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By अजय कुमार मिश्रा

अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन