Darbhanga News: आंधी-पानी से मधुबनी के 352 पंचायतों में फसल बर्बाद, दरभंगा में कहीं क्षति नहीं

Edited by PRABHAT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Darbhanga News:पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश से प्रमंडल में फसल को व्यापक रूप से क्षति पहुंची है.

विज्ञापन

Darbhanga News: पुरुषाेत्तम चौधरी, बहादुरपुर. पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश से प्रमंडल में फसल को व्यापक रूप से क्षति पहुंची है. कमोबेश प्रमंडल के तीनों जिले दरभंगा, समस्तीपुर एवं मधुबनी में किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है. हालांकि विभागीय अधिकारियों की नजर में सिर्फ मधुबनी के किसानों की फसल बर्बाद हुई है. समस्तीपुर में मात्र एक प्रखंड व दरभंगा में किसी भी प्रखंडों के एक भी किसान के फसल की कोई क्षति नहीं हुई है. यह जांच रिपोर्ट से सामने आया है, लिहाजा इस रिपोर्ट पर सवाल उठने लगे हैं.

मालूम हो कि गत नौ व 10 अप्रैल को तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी. इस दौरान वज्रपात से पांच लोगों की मौत हो गयी थी. गरज के साथ भारी बारिश से गेहूं, मक्का, मूंग, उड़द सहित अन्य फसलों को काफी क्षति पहुंची थी. उस समय कृषि विभाग भी जिले में केवल 60 प्रतिशत फसल के तैयार होने व 40 प्रतिशत गेहूं की फसल खेतों में ही रहने की बात कह रही थी.

इधर आंधी-बारिश के बाद राज्य सरकार व कृषि विभाग के आदेश के आलोक में संयुक्त निदेशक ने प्रमंडल के तीनों जिलों के डीएओ को अपने-अपने जिलों में बारिश से हुई फसल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया था. तीनों जिले के डीएओ द्वारा फसल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट सौंप दी गयी है. इसमें दरभंगा में फसल क्षति होने की बात से इन्कार किया गया है. यह जानकारी मिलते ही किसानों में आक्रोश पनपने लगा है. खासकर जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, वे काफी आक्रोशित हैं. किसानों का कहना है कि बारिश में कटनी कर दौनी के लिए रखी गयी फसल खेत में पूरी तरह भींग गयी थी. भींगने के बाद दौनी करना काफी मुश्किल हो गया. इसके बाद जिन किसानों ने दौनी कराया, उसके उपज पर काफी प्रभाव पड़ा है. साथ ही गेहूं के दाने की गुणवत्ता भी प्रभावित दिख रही है.

प्रमंडल के तीनों जिले की रिपोर्ट

प्रमंडल के तीनों जिले की मानें तो दरभंगा के 18 प्रखंडों में से एक भी प्रखंड में रबी फसल की क्षति नहीं हुई है. वहीं समस्तीपुर में 20 प्रखंड में एक बिथान के दो पंचायतों में गेहूं व मक्का की फसल क्षति की रिपोर्ट आयी है. इसी प्रकार मधुबनी के 21 में 19 प्रखंडों के 352 पंचायतों में गेहूं, मूंग, तिल व उड़द की फसल क्षति होने की बात कही जा रही है. यह रिपोर्ट बीएओ व पंचायत स्तर पर कृषि समन्वयक द्वारा जांच कर फसल क्षति का आकलन करने के बाद सौंपी गयी है.

क्या कहते हैं अधिकारी

नौ व 10 अप्रैल को प्रमंडल के तीनों जिलों में बारिश हुई थी. राज्य सरकार व कृषि विभाग द्वारा फसल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया. इस आलोक में प्रमंडल के तीनों जिले के डीएओ से फसल क्षति रिपोर्ट मांगी गयी थी. दरभंगा के डीएओ द्वारा जिले में फसल क्षति नहीं होने की रिपोर्ट साैंपी गयी है. वहीं मधुबनी में 19 प्रखंड के 352 पंचायतों में गेहूं, मूंग, तिल व उड़द की फसल की क्षति व समस्तीपुर में बिथान प्रखंड की दो पंचायतों में गेहूं व मक्का की फसल क्षति होने की रिपोर्ट आयी है. तीनों जिले द्वारा प्राप्त रिपोर्ट को राज्य सरकार एवं कृषि विभाग पटना को भेज दी गयी है.

-संजय नाथ तिवारी, प्रभारी संयुक्त निदेशक शष्य, दरभंगा प्रमंडल

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHAT KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन