Darbhanga News: कड़ाके की ठंड के बीच आंख विभाग में बढ़ा ऑपरेशन का ग्राफ

Edited by PRABHAT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

Darbhanga News:चिकित्सकों के अनुसार प्रत्येक वर्ष ठंड के मौसम में मोतियाबिंद समेत अन्य आंखों की सर्जरी की संख्या स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा. कड़ाके की ठंड के बीच जहां एक ओर डीएमसीएच के ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है, वहीं दूसरी ओर ठिठुरन भरी ठंड में भी अस्पताल के आंख विभाग में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है. ठंड का असर जनजीवन पर भले ही भारी पड़ रहा हो, लेकिन आंख से जुड़ी बीमारियां खासकर मोतियाबिंद के मरीजों पर इसका कोई असर नजर नहीं आ रहा है, उल्टे रोगियों की संख्या में वृद्धि ही दर्ज की गयी है. हालात यह है कि सामान्य दिनों में जहां प्रतिदिन आधा दर्जन मरीजों के ऑपरेशन किये जाते थे, वहीं कड़ाके की ठंड के दौरान यह संख्या बढ़कर 10 से 12 पहुंच गई है. चिकित्सकों के अनुसार प्रत्येक वर्ष ठंड के मौसम में मोतियाबिंद समेत अन्य आंखों की सर्जरी की संख्या स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है. ठंड और धुंध के कारण आंखों में जलन, धुंधलापन और देखने में परेशानी की शिकायतें बढ़ जाती हैं. इससे मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं. आंख विभाग में लगातार बढ़ रहे मरीजों के दबाव के कारण वार्ड के सभी 35 बेड पूरी तरह भर चुके हैं.

डिस्चार्ज होने तक दूसरे मरीजों को करनी पड़ रही प्रतीक्षा

स्थिति यह है कि नए मरीजों को भर्ती करने के लिए पहले से इलाज करा चुके और स्वस्थ हो रहे मरीजों को डिस्चार्ज करना पड़ रहा है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर इलाज मिल सके. इसे लेकर मरीजों को प्रतीक्षा करनी पड़ती है. इधर अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास कर रहा है. आंख विभाग के चिकित्सकों का कहना है कि ठंड के मौसम में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने वालों की संख्या बढ़ जाती है.

नि:शुल्क इलाज से गरीबों को लाभ

चिकित्सकों की टीम लगातार ऑपरेशन कर मरीजों को राहत पहुंचा रही है. राहत की बात यह है कि मरीजों का ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क किया जा रहा है. इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिल रही है. इधर मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के बावजूद उन्हें समय पर इलाज और जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. आंख विभाग में बढ़ती मरीजों की संख्या यह दर्शाती है कि अस्पताल पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है. नि:शुल्क इलाज लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है.

कहते हैं विभागाध्यक्ष

कड़ाके की ठंड के बावजूद आंख विभाग में सामान्य रूप से मोतियाबिंद व अन्य सर्जरी चल रही है. अस्पताल प्रशासन के सहयोग से सभी मरीजाें का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जा रहा है. मरीजों की सुविधा के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.

– डॉ आशिफ शहनवाज, विभागाध्यक्ष, आंख विभाग

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRABHAT KUMAR

लेखक के बारे में

By PRABHAT KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन