Darbhanga: 32 घंटे से अंधेरे में डूबा गांव, जला ट्रांसफॉर्मर नहीं बदलने पर भड़के ग्रामीण
32 घंटे से अंधेरे में डूबा गांव
Darbhanga Electricity Power Cut News: दरभंगा के कुशेश्वरस्थान के भरडीहा गांव में ट्रांसफॉर्मर जलने से 32 घंटे से बिजली ठप है. भीषण गर्मी में परेशान ग्रामीण मोबाइल चार्ज करने के लिए ₹10 दे रहे हैं. हालांकि, विभाग ने आज शाम तक बिजली बहाली का दावा किया है.जानिए खबर विस्तार से...
Darbhanga Electricity Power Cut News: दरभंगा कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड क्षेत्र की केंवटगामा पंचायत अंतर्गत भरडीहा गांव में बिजली का ट्रांसफॉर्मर जल जाने के कारण पिछले 32 घंटे से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है. इस भीषण गर्मी और उमस के बीच गांव के सैकड़ों परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. बिजली गुल होने से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है.
लापरवाही पड़ी भारी, रिपेयरिंग के तुरंत बाद जला ट्रांसफॉर्मर
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ट्रांसफॉर्मर से पिछले 4-5 दिनों से लगातार तेल का रिसाव (लीकेज) हो रहा था. इसकी सूचना विभागीय कर्मचारियों को दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस गंभीर समस्या को अनदेखा करते हुए खानापूर्ति के लिए सिर्फ रिपेयरिंग कर दी. इसका नतीजा यह हुआ कि ट्रांसफॉर्मर अचानक तेज आवाज के साथ फुंक गया. बिजली न होने से पंखे, कूलर और पानी की मोटरें बंद हैं, जिससे सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है.
मोबाइल चार्जिंग के लिए बाजार जाने की मजबूरी
गांव में बिजली ठप होने से मोबाइल चार्जिंग का संकट भी खड़ा हो गया है. ग्रामीणों को अपने फोन चार्ज करने के लिए कुशेश्वरस्थान बाजार जाना पड़ रहा है, जहां वे प्रति मोबाइल 10 रुपये का शुल्क दे रहे हैं. फोन चार्ज होने के बाद ही वे परदेस में रहने वाले अपने परिजनों से संपर्क कर पा रहे हैं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली बहाल नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे.
शाम तक बदल दिया जाएगा ट्रांसफॉर्मर: बिजली SDO
इस मामले पर बिजली विभाग के एसडीओ प्रभात चंद्र ने बताया कि गांव के लिए नया ट्रांसफॉर्मर भेज दिया गया है. आज शाम तक इसे इंस्टॉल कर दिया जाएगा, जिसके तुरंत बाद भरडीहा गांव की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी.
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










