Kusheshwarsthan: विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को घेरा
पंचायत समिति की बैठक में सदस्य अपनी बात रखते हुए। | Prabhat Khabar Network
कुशेश्वरस्थान प्रखंड की पंचायत समिति बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति और लंबित प्रस्तावों को लेकर अधिकारियों को घेरा गया। जानिए पूरी खबर।
Panchayat Samiti Meeting: प्रखंड सभागार में मंगलवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक में विकास योजनाओं की धीमी प्रगति, अधूरे निर्माण कार्य और लंबित प्रस्तावों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को घेरा. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अंजनी भारती ने की. प्रमुख ने कहा कि पंचायत समिति की बैठकों में पारित प्रस्तावों पर समय पर कार्रवाई नहीं होना गंभीर मामला है. उन्होंने संबंधित विभागों को सभी लंबित योजनाओं की समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
अधूरे पंचायत सरकार भवन का उठा मुद्दा
बैठक में कुशेश्वरस्थान दक्षिणी पंचायत के मुखिया मो. इलाम ने पंचायत सरकार भवन का निर्माण अधूरा रहने का मुद्दा उठाया. उन्होंने किसानों के खेतों तक पटवन के लिए बिजली उपलब्ध कराने की मांग भी रखी. मुखिया ने कहा कि दोनों मांगें पूर्व की बैठक में भी उठायी गयी थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
तिलकेश्वर पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी ने कहा कि उद्घाटन के बाद भी पंचायत सरकार भवन पूरी तरह तैयार नहीं है. उन्होंने गोलमा डीह में प्राथमिक विद्यालय और स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थापना की मांग भी रखी. साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन पर सवाल उठाया. इस पर एलएस नीतू कुमारी ने कहा कि केंद्र संचालित हैं और उन्हें इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.
स्कूल की चारदीवारी और ग्राम कचहरी का भी उठा मामला
भिंडुआ पंचायत के मुखिया नवल किशोर राय ने प्राथमिक विद्यालय करौतवा पूर्वी की अधूरी चारदीवारी और पंचायत सरकार भवन का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की. वहीं सुघराइन पंसस सुधीर कुमार ने ग्राम कचहरी परिसर की चारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव रखा.
महिशौथ पंचायत के मुखिया राजेश पासवान ने सिसौना से केवटगामा तक जर्जर सड़क की समस्या उठायी. उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सड़क की स्थिति खराब होने से लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है. उन्होंने तत्काल ईंट का टुकड़ा गिराकर सड़क को चलने योग्य बनाने की मांग की.
फसल क्षति और पर्चा वितरण में अनियमितता की जांच की मांग
बैठक में आंधी-बारिश से फसल क्षति के लिए मिलने वाली सहायता राशि के वितरण में कथित अनियमितता का मुद्दा भी उठा. जनप्रतिनिधियों ने सीओ कार्यालय द्वारा पर्चा वितरण में कर्मचारियों की मनमानी की जांच कराने की मांग की.
जनप्रतिनिधियों का कहना था कि कई योग्य लाभुक अब भी पर्चा से वंचित हैं. उन्होंने मामले की जांच कर पात्र लाभुकों को जल्द लाभ दिलाने की मांग की.
पशु शेड का भुगतान नहीं मिलने पर जांच का आश्वासन
मनरेगा से संबंधित चर्चा के दौरान उसरी पंचायत की मुखिया पूनम देवी ने बताया कि पशु शेड का निर्माण पूरा होने के बाद भी कई लाभुकों को भुगतान नहीं मिला है. इस पर मनरेगा पीओ अबुल कलाम ने मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
अधिकारियों से मांगी जाएगी विभागवार रिपोर्ट
बैठक में बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाये गये सभी बिंदुओं को विभागवार दर्ज किया गया है. संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की.
बैठक में बीडीओ स्नेहिल वत्स, बीइओ प्रिंस झा, बीपीएम जीविका अन्नू कुमारी, उप प्रमुख कुमारी अन्नू, सीमा कुमारी, मुखिया भज्जू महतो समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
देवघर में बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करने के बाद प्रखंड प्रमुख के पिता का निधन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष पोद्दार
संतोष पोद्दार को पत्रकारिता का 20 वर्षों का लंबा अनुभव है. ये सामाजिक, राजनीतिक, आपराधिक व धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हैं और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










